May a good source be with you.

कांग्रेस की गरीबी मिटाओ न्याय यात्रा देश में नई शुरुआत, ग़रीब से न्याय और ग़रीब को न्याय- यही है ‘न्याय योजना’: रणदीप सुरजेवाला

‘न्याय’ को विस्तार से बताते हुए कांग्रेस प्रवक्ता सुरजेवाला ने कहा इसके तहत 72000 रुपये सलाना देश के 20 प्रतिशत सबसे गरीब परिवारों को मिलेगा.

आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनज़र कांग्रेस ने बड़ा एलान किया है. कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को ‘न्यूनतम आय योजना’ के तहत ग़रीब परिवारों को 72 हजार रुपए सालाना देने का वादा किया है. इसी कड़ी में कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी है और साथ ही भाजपा पर हमला बोला है.

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा है कि कांग्रेस की गरीबी मिटाओ न्याय यात्रा इस देश में नई शुरूआत है. उन्होंने कहा कि, “ग़रीब से न्याय और ग़रीब को न्याय. यही है न्याय यानी न्यूनतम आय योजना.”

‘न्याय’ को विस्तार से बताते हुए कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि इसके तीन और पहलू हैं, जिसके तहत 72000 रुपये सलाना देश के 20 प्रतिशत सबसे गरीब परिवारों को मिलेगा. यानी कि लगभग 5 करोड़ परिवार और 25 करोड़ लोगों को इस योजना का लाभ मिलेगा.

रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि यह टॉप-अप स्कीम नहीं है. यह महिला केंद्रित योजना है. यह पैसा घर की महिला के खाते में पार्टी जमा करवाएगी. यह पूरे देश के ग़रीबों पर लागू होगी. आज़ाद हिंदुस्तान और पूरी दुनिया में ग़रीबी मिटाने वाली और ग़रीबी पर प्रहार करने वाली यह दुनिया की सबसे बड़ी स्कीम है.

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि मोदी जी ने अपने आर्थिक सर्वे 2016-17 में यह माना था कि आज़ादी के समय देश में जो ग़रीबी 70 प्रतिशत थी, कांग्रेस की सरकारों ने उसे घटाकर 22 प्रतिशत पर ला दिया था. ऐसे में यदि कांग्रेस सता में आती है, तो 5 साल के कार्यकाल में यह 22 प्रतिशत ग़रीबी भी समाप्त हो जाएगी.

रणदीप सुरजेवाला ने कहा, “स्वाभाविक तौर से ग़रीब विरोधी मोदी सरकार ‘न्याय’ का विरोध कर रही है. 130 करोड़ देशवासियों की तरफ से मैं यह पूछना चाहता हूं कि, ‘मोदी जी आप न्याय के पक्षधर हैं या विरोधी.’ क्योंकि ‘न्याय’ की घोषणा के बाद से ही भाजपा मंत्री इसके विरोध में खड़े हो गये हैं.”

मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए रणदीप सुरजेवाला ने कहा, “मोदी जी उद्योगपति मित्रों के 3 लाख 17 हज़ार करोड़ रुपया माफ कर सकते हैं, लेकिन 72 हज़ार रुपया गरीबों को देने पर इतना ऐतराज़ क्यों है. मोदी जी की सुरक्षा में विजय माल्या, मेहुल चौकसी, नीरव मोदी देश की गाढ़ी कमाई लेकर यहां से भाग सकते हैं, लेकिन ग़रीबों को 72 हज़ार देने में आपको इतनी पीड़ा क्यों हो रही है.”

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि सच्चाई यही है कि भाजपा और मोदी जी हमेशा देश के ग़रीबों के विरोध में खड़े रहे हैं. प्रधानमंत्री बनते ही मोदी जी ने संसद में पहले भाषण में ही मनरेगा का विरोध किया, किसान को उचित मुआवज़ा देने वाले कानून का विरोध किया और उसे ख़त्म कर दिया. देश के लगभग 60 प्रतिशत लोगों को सस्ते दर अनाज देने वाले फूड सिक्योरिटी कानून का विरोध किया.

रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि मोदी सरकार ने आदिवासियों को जल, जंगल और ज़मीन का अधिकार देने वाले कानून का विरोध किया. किसानों के कर्जमाफ़ी का विरोध किया. एससी एसटी कानून को खत्म करने की कोशिश की, नोटबंदी जैसा घोटाला किया, गब्बर टैक्स लगाया.

इसके बाद कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि नरेंद्र मोदी मतलब ग़रीब विरोधी. उन्होंने कहा कि देश की जनता वोट की चोट से मोदी जी का विरोध करने वाली है.

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+