शर्मनाक: मध्य प्रदेश में गौ-तस्करी मामले में रासुका लगाने वाले कमलनाथ के समर्थन में उतरे रणदीप सुरजेवाला
कांग्रेस के प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी रासुका के तहत गिरफ़्तारी के मामले में राज्य सरकार के काम में हस्तक्षेप नहीं करेगी.
मध्यप्रदेश की कमलनाथ सरकार भी भाजपा की राह पर चल पड़ी है. राज्य में गौ-तस्करी और कथित गोकशी के आरोप में अब तक पांच लोगों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत मुक़दमा दर्ज किया जा चुका है. हैरानी की बात है कि कांग्रेस पार्टी ने इस मामले में हस्तक्षेप करने से साफ तौर से इनकार किया है.
कांग्रेस के प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी रासुका के तहत गिरफ़्तारी के मामले में राज्य सरकार के काम में हस्तक्षेप नहीं करेगी. पार्टी का कहना है कि लॉ एंड ऑर्डर देखना राज्य सरकार और पुलिस के अधिकार क्षेत्र में होता है और पार्टी इसमें किसी तरह का अनुचित हस्तक्षेप नहीं करेगी.
इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला का कहना है, “कमलनाथ जी ने स्पष्ट रूप से कहा है कि कानून अपना काम करेगी. किसी भी निर्दोष व्यक्ति पर ग़लत तरीके से कार्रवाई नहीं की जाएगी, ना हीं किसी दोषी को बख़्शा जाएगा. वे एक अनुभवी नेता हैं और वह खुद यह देख सकते हैं कि क्या इन मामलों में कोई ग़लती की गई है या नहीं.”
रणदीप सुरजेवाला ने यह भी कहा है कि कमलनाथ जी खुद यह देखने में सक्षम हैं कि इस मामले में किस तरह की सजा दी जानी चाहिए. उन्होंने कहा कि हमें यह फ़ैसला कमलनाथ जी के अनुभवी ज्ञान पर छोड़ देना चाहिए.
कांग्रेस प्रवक्ता का कहना है कि हम राज्य के इस मामले में हस्तक्षेप नहीं करेंगे क्योंकि ऐसा करना कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी की कार्यशैली का हिस्सा नहीं है. उनका कहना है, “हम इसकी गारंटी देते हैं कि निर्दोष व्यक्ति को ग़लत तरीके से सजा नहीं दी जाएगी. दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी.”
बता दें कि बीते शुक्रवार को मध्यप्रदेश के आगर मालवा जिले में गौ-तस्करी के आरोप में गिरफ़्तार दो व्यक्तियों पर पुलिस ने राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) का मुक़दमा दर्ज किया है. सरकार के इस कदम का चौतरफ़ा विरोध हो रहा है. कांग्रेस नेता पी. चिदंबरम और मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह भी इस फ़ैसले को अनुचित बता चुके हैं.