आलोक वर्मा को हटाने के लिए प्रधानमंत्री मोदी और सीवीसी की साज़िश का हुआ पर्दाफ़ाश: रणदीप सुरजेवाला
कांग्रेस नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के इशारे पर केंद्रीय सतर्कता आयुक्त और डीपोपीटी के अतिरिक्त सचिव लोक रंजन ने राफ़ेल सौदे की फाइल गायब कर दी है।
सीबीआई में चल रहे गतिरोध के बीच कांग्रेस ने प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय सतर्कता आयुक्त पर जमकर निशाना साधा है। पार्टी के प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा है कि मोदी सरकार और केंद्रीय सतर्कता आयुक्त के बीच रची गई साज़िश का अब पर्दाफ़ाश हो गया है।
जनसत्ता की ख़बर के मुताबिक कांग्रेस पार्टी के प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय सतर्कता आयुक्त के वी चौधरी एवं कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग पर आलोक वर्मा के ख़िलाफ़ साज़िश रचने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि राफ़ेल सौदे में जांच के डर से वर्मा को उनके पद से हटाया गया है। सुरजेवाला ने कहा कि केंद्रीय सतर्कता आयुक्त चौधरी 23 अक्टूबर को डेनमार्क जाने वाले थे लेकिन सरकार को आलोक वर्मा के ख़िलाफ़ आदेश जारी करना था, इसलिए उनका दौरा रद्द कराया गया।
कांग्रेस नेता ने यह दावा किया कि दिल्ली पुलिस के आयुक्त ने अपने कर्मचारियों को एक ऑपरेशन की सूचना दी जिसके तहत उन्हें खान मार्किट पहुँचने को कहा गया। आधी रात को आयुक्त ने टीम को बताया कि उन्हें सीबीआई मुख्यालय को कब्ज़े में लेना है। लेकिन, मुख्यालय के बाहर तैनात एआईएसएफ जवानों ने उनको प्रवेश करने से मना कर दिया। इसके बाद एआईएसएफ को पुलिस को मुख्यालय में प्रवेश करने की अनुमति देने का आदेश मिला, जिसके बाद पुलिस ने सीबीआई मुख्यालय को कब्ज़े में लिया। सुरजेवाला का दावा है कि रात के करीब 2 बजे सीवीसी और डीपोपीटी के अतिरिक्त सचिव लोक रंजन ने सरकार के इशारे पर राफ़ेल घोटाले की फाइल को गायब कर दिया है।