शर्मनाक: गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने उड़ाया #Metoo का मज़ाक
एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा, ‘कहीं ऐसे हालात न हो जाएं कि सारी विपक्षी पार्टियां गठबंधन कर लें और बाद में जब कांग्रेस से धोखा खा जाएं तो #Metoo कैंपेन चलने के लिए मजबूर होना पड़े।’
केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने #Metoo आंदोलन का मज़ाक उड़ाया है। राजनीतिक प्रतिद्वंदियों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा है कि कांग्रेस से धोखा खाने के बाद दूसरी विपक्षी पार्टियों को भी मीटू अभियान चलाना पड़ सकता है।
न्यूज़18 की एक ख़बर के मुताबिक हैदराबाद में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा, ‘कहीं ऐसे हालात न हो जाएं कि सारी विपक्षी पार्टियां गठबंधन कर लें और बाद में जब कांग्रेस से धोखा खा जाएं तो #Metoo कैंपेन चलने के लिए मजबूर होना पड़े।’
ग़ौरतलब है कि बीते एक महीने में #Metoo कैंपेन के जरिए कई औरतों ने अपने साथ यौन उत्पीड़न की घटनाओं को खुलकर बोला है। इस अभियान ने बॉलीवुड और मीडिया जगत के कई नामी हस्तियों के अलावा कई लेखकों का नाम उजागर किया है। इसके कारण कई लोगों को अपनी नौकरी भी गंवानी पड़ी है। एशियन ऐज़ के पूर्व संपादक और भाजपा सांसद एमजे अकबर के ख़िलाफ़ 25 महिलाओं ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था, इसके बाद उन्हें विदेश राज्य मंत्री के पद से इस्तीफ़ा देना पड़ा था।
‘Metoo’ की शुरुआत अमेरिका की तराना बुर्के ने की थी। इस अभियान ने दुनिया भर की महिलाओं को अपने साथ हुए यौन उत्पीड़न के बारे में खुल कर बात करने और इसके आरोपियों को सामने लाने की हिम्मत दी।