राजस्थान: ज़मीनी विवाद की जांच करने गए हेड कॉन्सटेबल अब्दुल गनी की पीट पीटकर हत्या
अतिक्रमण से जुड़े नोकझोंक के बाद भीड़ ने हेड कॉन्सटेबल पर हमला कर दिया और बुरी तरह चोटिल होने के कारण उनकी मौत हो गई.
राजस्थान के राजसमंद ज़िले में मॉब लिंचिंग की नई घटना सामने आई है. यहां एक जमीनी विवाद की तफ़्तीश में गए हेड कॉन्सटेबल अब्दुल गनी की भीड़ ने शनिवार, 13 जुलाई को पीट पीटकर हत्या कर दी.
एनडीटीवी के मुताबिक राजसमंद जिले के कुंवारिया गांव के निवासी 48 वर्षीय अब्दुल गनी एक जमीनी विवाद की जांच करने गए थे. इसके बाद अतिक्रमण से जुड़े नोकझोंक के बाद भीड़ ने उन पर हमला कर दिया, जिसमें वे बुरी तरह जख़्मी हो गए. इसके बाद अब्दुल गनी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां बुरी तरह चोटिल होने के कारण उनकी मौत हो गई.
घटना के तुरंत बाद राज्य के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे.
बता दें कि पिछले कुछ सालों में राजस्थान के भीतर मॉब लिंचिंग की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं. बीते साल 28 वर्षीय रकबर खान को भीड़ ने मवेशी तस्करी के संदेह में मारा था, जिसके बाद रकबर को पुलिस हिरासत में ले जाया गया, जहां चोट के कारण उसकी मौत हो गई.