राजस्थान: हाईवे से बरामद हुई लावारिस हालत में पड़ी ईवीएम, चुनाव आयोग ने किया दो अफसरों को निलंबित
इस मशीन के ऐसे संदिग्ध हालत में पड़े रहने की सूचना स्थानीय लोगों द्वारा पुलिस को दी गई.
राजस्थान में कल, 7 दिसम्बर को हुए विधान सभा चुनाव के मतदान में इस्तेमाल की गई एक ईवीएम मशीन बारां ज़िले के हाईवे पर पड़ी हुई मिली. लावारिस हालत में पड़ी हुई इस सीलबंद मशीन को पुलिस ने कब्ज़े में ले लिया है. इस घटना के पश्चात इस ईवीएम मशीन से सम्बंधित यूनिट के दो अफसरों को निलंबित कर दिया गया.
आजतक की एक ख़बर के मुताबिक़ इस मशीन के ऐसे संदिग्ध हालत में पड़े रहने की सूचना स्थानीय लोगों द्वारा पुलिस को दी गई. इसके बाद शाहबाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मशीन को कब्ज़े में लिया और घटना की ख़बर चुनाव आयोग को दी गई. आयोग ने इस मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए इस ईवीएम मशीन के ज़िम्मेदार यूनिट के दो अफसरों को निलंबित कर दिया. हालांकि आयोग ने मशीन से छेड़छाड़ की संभावना से इनकार किया है.
गौरतलब है कि कई मीडिया संस्थानों के एग्जिट पोल के नतीज़ों में ऐसा लग रहा है कि सत्तारूढ़ भाजपा सरकार को जनता ने इस बार सत्ता से हटाने का फैसला कर लिया है. एग्जिट पोल के मुताबिक़ कांग्रेस को बहुमत हासिल हो रही. ऐसे में इस तरह से लगातार ईवीएम मशीनों के साथ छेड़खानी के मामले कई सवाल उठाते हैं. ज्ञात हो कि छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, तेलंगाना, मिज़ोरम और राजस्थान में हुए विधानसभा चुनाव के नतीज़े 11 दिसम्बर को आएंगे.