May a good source be with you.

राजस्थान चुनाव परिणाम: भाजपा कार्यालय में फैली मायूसी, कांग्रेस कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह

कांग्रेसी नेताओं ने संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि राज्य में कांग्रेस पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी.

मतगणना के शुरुआती रुझानों के बाद जहां कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय व कांग्रेस के प्रमुख नेताओं के निवास पर चहल पहल दिखी वहीं भारतीय जनता पार्टी के मुख्यालय में अपेक्षाकृत सन्नाटा दिखा.

सुबह आठ बजे मतगणना शुरू हुई और नौ बजे तक शुरुआती रुझान में कांग्रेस को बढ़त मिलती दिखी तो कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय के साथ साथ पार्टी प्रदेशाध्यक्ष के जालूपुरा स्थित निवास व पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के निवास पर कार्यकर्ताओं की भीड़ दिखी.  लोगों ने जोश में नारे लगाए व पटाखे फोड़े.

हालांकि बाद में 11 बजे तक कांग्रेस की शुरुआती बढ़त उतनी मजबूत नहीं रही और भारतीय जनता पार्टी मुकाबले में आती दिखी.  इससे कांग्रेस कार्यकर्ताओं का जोश जरूर कम हुआ लेकिन वे उत्साहित थे.  वहीं भाजपा का प्रदेश मुख्यालय सुबह से ही खाली-खाली दिखा और वहां कार्यकर्ताओं का हुजूम नहीं दिखा.  लगभग सवा 11 बजे मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे व प्रदेशाध्यक्ष मदन लाल सैनी मुख्यालय पहुंचे.

वहीं कांग्रेस नेता गहलोत व सचिन पायलट ने संवाददाताओं से बातचीत की. दोनों नेताओं ने कहा कि अंतिम परिणाम आने का इंतजार किया जाए लेकिन विश्वास जताया कि राज्य में कांग्रेस पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी.

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+