भाजपा के ख़िलाफ़ वोट देने पर दलित युवक के साथ मारपीट, परिवार को जान से मारने की दी धमकी
युवक ने हमलावरों पर जातिसूचक शब्दों को प्रयोग कर अपमानित करने का आरोप लगाया.
राजस्थान में भाजपा के ख़िलाफ़ वोट देने को लेकर कुछ लोगों द्वारा डराने- धमकाने और मारपीट करने का मामला सामने आया है. दरअसल चांदसमा सादुलपुर के रहने वाले युवक केशुराम मेघवाल ने दो लोगों पर भाजपा के ख़िलाफ़ वोट देने पर मारपीट और परिवार को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगया है.
दैनिक भास्कर की ख़बर के अनुसार केशुराम मेघवाल ने अपनी शिकायत में बताया, “बीते 25 सितंबर को मैं और मेरा दोस्त हीराराम मेघवाल अपने ट्रैक्टर से घर की ओर जा रहे थे. रात करीब 8 बजे गांव के चौराहे पर प्रताप सिंह और रिशपाल सिंह ट्रैक्टर के आगे खड़े हो गए. प्रतापसिंह के हाथ में तलवार और रिशपाल सिंह के पास लाठी थी.”
उन्होंने मार-पीट करते हुए कहा, “तुम लोग कांग्रेस को वोट क्यों देते हो. भाजपा को वोट देने हैं.” उन्होंने धमकी दी कि यदि ऐसा नहीं किया तो उनके परिवार को जान से मार देंगे. शिकायतकर्ता ने हमलावरों पर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर अपमानित करने का भी आरोप लगाया है.
पुलिस ने मामला दर्ज कर बालेसर सीओ अजीत सिंह उदावत को आगे की जांच सौंप दी है. उदावत ने कहा, “इस मामले की जांच मेरे पास आई है और कल इलाके का मुआयना करने बाद मामले की जांच शुरू की जाएगी.” ज्ञात हो कि कुछ दिनों पहले बालेसर में जीप पर कांग्रेस का झंडा रखने पर एक युवक पर हमला किया गया था.