राहुल गांधी ने किया केरल के राहत शिविरों का दौरा,मिले बाढ़ प्रभावित लोगों से
राज्य में पिछले कई दिनों से भारी बारिश और बाढ़ की वजह से 474 लोगों की मौत, जबकि 15 लोगों के लापता होने की सूचना है
बाढ़ से तबाह हुए केरल में आपदा आने के बाद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने आज चेंगन्नूर स्थित राहत शिविरों का दौरा किया और लोगों के दुख-दर्द को सुना। केरल में आयी बाढ़ अपने पीछे हर ओर भारी तबाही के निशान छोड़ गयी है।
विदेश यात्रा से आज सुबह लौटे राहुल राज्य के दो दिवसीय दौरे पर तिरुवनंतपुरम पहुंचे। इसके बाद वह हेलीकॉप्टर से अलपुझा जिले में चेंगन्नूर गये।
कांग्रेस प्रमुख ने सबसे पहले यहां के क्रिस्चियन कॉलेज में राहत शिविर का दौरा किया और केन्द्र में रह रहे लोगों से बात की। उन्होंने एक इंजीनियरिंग कॉलेज में बने राहत शिविर का भी दौरा किया।
शिविर में उपस्थित लोगों में केरल विधानसभा में विपक्ष के नेता रमेश चेन्नितला और कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष एम एम हासन भी मौजूद थे।
वह मछुआरों एवं राहत कार्यों में शामिल पार्टी कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात करेंगे।
आज सुबह आपदा प्रबंधन के राज्य नियंत्रण कक्ष द्वारा जारी आंकड़े के अनुसार केरल में दक्षिण पश्चिम मानसून के छाये रहने के कारण 29 मई से राज्य में बारिश एवं बाढ़ जनित घटनाओं में 474 व्यक्तियों की मौत हो चुकी है जबकि 15 लोगों के लापता होने की सूचना है।