May a good source be with you.

प्रधानमंत्री मोदी के चहेते सीबीआई अधिकारी पर लगा है रिश्वतखोरी का आरोप: राहुल गांधी

सीबीआई के विशेष निदेशक राकेश अस्थाना पर एक मामले की जांच के दौरान तीन करोड़ की रिश्वतख़ोरी का आरोप लगा है।

सीबीआई में नंबर दो के अधिकारी राकेश अस्थाना पर एफ़आईआर दर्ज़ होने के बाद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी पर जमकर निशाना साधा है। राहुल गांधी ने कहा है कि प्रधानमंत्री मोदी के चहेते अधिकारी पर रिश्वतखोरी का आरोप लगा है और अब सीबीआई अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रही है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने अपने एक ट्वीट में राकेश अस्थाना का नाम लिए बिना लिखा है, ‘प्रधानमंत्री मोदी के सबसे चहेते, गुजरात कैडर के अधिकारी, गोधरा एसआईटी के चर्चित और सीबीआई में नंबर दो के अधिकारी अब रिश्वतखोरी के मामले में नंबर एक के आरोपी बने हैं। मौजूदा सरकार में सीबीआई राजनीतिक बदला निकालने का औज़ार बन गई है। यह संस्था लगातार गिरावट की ओर है और अपने भीतर ही अस्तित्व की लड़ाई लड़ रही है।’

सीबीआई ने एक मामले में रिश्वतखोरी का आरोप लगने के बाद अपने ही विशेष निदेशक राकेश अस्थाना पर एफ़आईआर दर्ज़ कराया है। राकेश पर तीन करोड़ रुपए रिश्वत लेने का आरोप है।
सतीश साना नामक व्यक्ति ने अस्थाना पर आरोप लगाया था। सतीश ने कहा था कि मीट कारोबारी मोइन कुरैशी मामले की जांच के दौरान मामले को रफ़ा दफ़ा करने के लिए अस्थाना ने तीन करोड़ रुपए की रिश्वत ली थी।
इधर, घूसखोरी के आरोप में फंसने के बाद राकेश अस्थाना ने सीबीआई के निदेशक आलोक वर्मा के ख़िलाफ़ ही मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने केंद्रीय सतर्कता आयोग में एक टॉप सिक्रेट पत्र लिखकर वर्मा के ख़िलाफ़ शिकायत की है। आजतक के मुताबिक पत्र में अस्थाना ने लिखा है, ‘सीबीआई निदेशक ने खुद इस मामले में दो करोड़ की रिश्वत ली थी। अब खुद को बचाने के लिए वे मुझे फंसा रहे हैं।’
You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+