उद्योगपतियों का 3.5 लाख करोड़ रुपये का कर्ज़ माफ़ करने वाले प्रधानमंत्री मोदी, किसानों का ऋण माफ़ नहीं करते: राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस केंद्र की सत्ता में आई तो आंध्र प्रदेश को विशेष श्रेणी का दर्जा दिया जाएगा.
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को नरेंद्र मोदी सरकार पर देश के प्रभावशाली उद्योगपतियों का 3.5 लाख करोड़ रुपये का कर्ज़ माफ करने वहीं किसानों का ऋण माफ नहीं करने का आरोप लगाया.
तिरुपति में जनसभा को संबोधित करते हुए गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी पर आंध्र प्रदेश को विशेष श्रेणी का दर्जा देने के आश्वासन से मुकरने का भी आरोप लगाया.
उन्होंने वादा किया कि आगामी लोकसभा चुनाव के बाद यदि कांग्रेस सत्ता में आती है तो राज्य को विशेष दर्जा देगी. कृषि रिण माफी पर गांधी ने कहा कि कांग्रेस ने मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में इस संबंध में किये गये वादे को पूरा किया है.
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘मोदी देश में सबसे शक्तिशाली उद्योगपतियों का 3.5 लाख करोड़ रुपये का कर्ज़ माफ कर सकते हैं और कर्ज़ माफी दे सकते हैं लेकिन किसानों का ऋण माफ नहीं कर सकते.’’
गांधी ने कहा कि कांग्रेस राज्य की सत्ता में आए या नहीं, लेकिन केंद्र की सत्ता में आई तो विशेष श्रेणी का दर्जा दिया जाएगा.