छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह और उनका परिवार भ्रष्टाचार में शामिल है और मोदी जी इस पर चुप्पी साधे हुए हैं : राहुल गांधी
“प्रधानमंत्री मोदी ने राफेल सौदा हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड को न देकर अनिल अंबानी के रिलायंस डिफेन्स को दे दिया और उनकी जेब में तीस हज़ार करोड़ रुपये डाल दिए.”
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को छत्तीसगढ़ के रायगढ़ ज़िले के खरसिया विधानसभा क्षेत्र में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह और उनके परिवार पर भ्रष्टाचार में शामिल होने का आरोप लगाते हुए निशाना साधा और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस तरह के भ्रष्टाचार के विषय में कुछ नहीं बोलते हैं.
फ़र्स्टपोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री के बेटे का नाम पनामा पेपर्स में है, मुख्यमंत्री की पत्नी का नाम नान घोटाले की डायरी में शामिल है और स्वंय मुख्यमंत्री रमन सिंह नान घोटाले में शामिल हैं. उन्होंने कहा यहां 5000 करोड़ रुपए का चिटफंड घोटाला हुआ. लेकिन सरकार इस पर कोई कार्रवाई नहीं करती है और न ही किसी को सज़ा मिली और प्रधानमंत्री मोदी इन भ्रष्टाचारों पर चुप्पी साधे बैठे हैं.
राहुल गांधी ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने साढ़े चार साल पहले भ्रष्टाचार के ख़िलाफ़ आवाज़ उठाई थी. लेकिन अब स्वंय प्रधानमंत्री भ्रष्टाचार के विषय में बात नहीं करते हैं. प्रधानमंत्री मोदी ने राफे़ल सौदा हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड को न देकर अनिल अंबानी के रिलायंस डिफेन्स को दे दिया और उनकी जेब में तीस हज़ार करोड़ रुपये डाल दिए. प्रधानमंत्री पर हमला जारी रखते हुए गांधी ने कहा कि विजय माल्या, नीरव मोदी जैसे अपराधियों को को भागने से रोका नहीं गया. उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी पर झीरम घाटी में शहीद हुए नंदकुमार पटेल और कांग्रेसी नेताओं का अपमान करने का आरोप भी लगाया.
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बनते ही किसानों का कर्ज़ 10 दिनों के भीतर माफ़ कर दिया जाएगा. किसानों को बोनस देंगे और सभी ज़िलों में फूड प्रोसेसिंग प्लांट लगाएंगे,जिससे युवाओं को रोज़गार मिल सकेगा. आउटसोर्सिंग खत्म कर युवाओं को नि:शुल्क इंजीनियरिंग, मेडिकल और वकालत की उच्च शिक्षा देंगे. राहुल गांधी ने कहा कि छत्तीसगढ़ में गरीबों को सरकारी अस्पताल में मुफ्त दवाएं मिलेंगी. यूपीए सरकार का भूमि अधिग्रहण बिल यहां लागू करेंगे, जिससे किसानों को उनकी भूमि का दाम बाजार मूल्य से चार गुना मिलेगा.
ज्ञात हो कि छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान पूरा हो चुका है.