May a good source be with you.

आगामी लोकसभा चुनाव में मोदी सरकार पर होगी ‘सर्जिकल स्ट्राइक’: राहुल गांधी

राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के जरिए किसानों को प्रतिदिन 17 रुपए देने का प्रावधान उनका अपमान है.

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को दावा किया कि आगामी लोकसभा चुनाव में ‘किसान, रोजगार, संस्थाओं पर हमले, नोटबंदी और भ्रष्टाचार के मुद्दों’ को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा उनकी सरकार पर ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ होने जा रही है.

गांधी ने बजट में सरकार द्वारा घोषित ‘प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि’ योजना के संदर्भ में आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने किसानों को प्रतिदिन 17 रुपये देने का प्रावधान कर उनका अपमान किया है.

ईवीएम के मुद्दे पर विपक्षी दलों के नेताओं की बैठक के बाद गांधी ने एक सवाल के जवाब में संवाददाताओं से कहा, ‘‘चुनाव किसान के मुद्दे पर, रोजगार के मुद्दे पर और संस्थाओं पर हमले के मुद्दे पर होगा. प्रधानमंत्री के भ्रष्टाचार और राफ़ेल मामले पर चुनाव होगा.’’ उन्होंने कहा, ‘‘अगले कुछ महीनों में मोदी और उनकी सरकार पर राफेल, नौकरियों और नोटबंदी जैसे मुद्दों सर्जिकल स्ट्राइक होने जा रही है.’’

गांधी ने कहा, ‘‘हमारे पास कई् मुद्दे हैं. भ्रष्टाचार बहुत बड़ा मुद्दा है. अनिल अंबानी जी को प्रधानमंत्री जी खुद 30 हजार करोड़ रुपये देते हैं और एचएएल को दरकिनार कर देते है. ऐसे में भ्रष्टाचार तो बड़ा मुद्दा है.’’ ग़ौरतलब है कि राफ़ेल विमान सौदे में कांग्रेस और राहुल गांधी की ओर से लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों को सरकार और अनिल अंबानी के समूह ने पहले ही खारिज किया है.

बजट में घोषित ‘प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि’ योजना पर गांधी ने कहा, ‘‘आप (सरकार) 15 लोगों का साढ़े तीन लाख करोड़ रुपये माफ कर सकते हो और किसान को दिन के 17 रुपये देते हो। यह अपमान नहीं है तो और क्या है? ’’

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+