दोबारा प्रधानमंत्री नहीं बनेंगे नरेन्द्र मोदी, इसकी गारंटी है: राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कहा, “नोटबंदी और जीएसटी ने देश के व्यापार को बर्बाद किया, किसान और नौजवानों के साथ पिछले पांच साल में अन्याय हुआ है.”
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी चुनाव हार रही है और इस बात की गारंटी है कि नरेन्द्र मोदी दोबारा देश के प्रधानमंत्री नहीं बनने वाले हैं. उन्होंने कहा है कि पिछले पांच साल से चल रही सरकार के ख़िलाफ़ देशभर में गुस्सा है.
एनडीटीवी के पत्रकार श्रीनिवासन जैन को दिए अपने इंटरव्यू में राहुल गांधी ने कहा, “नोटबंदी और जीएसटी ने देश के व्यापार को बर्बाद किया, किसान और नौजवानों के साथ पिछले पांच साल में अन्याय हुआ है.”
राहुल गांधी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में सेक्युलर फ्रंट की जीत होगी. बसपा-सपा गठबंधन को कांग्रेस लाभ देगी. हमारा उद्देश्य भाजपा को हराना है.
दिल्ली में गठबंधन के सवाल पर राहुल गांधी ने कहा कि हम आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन करने के लिए तैयार थे, लेकिन अरविंद केजरीवाल जी हरियाणा और पंजाब को बीच में लेकर आए जो हमारे लिए संभव नहीं था. हमारी पार्टी हरियाणा और पंजाब में आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन के लिए तैयार नहीं था. दिल्ली में आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन के लिए मैंने अपने पार्टी के नेताओं की राय को नज़रअंदाज किया था.