May a good source be with you.

नया बिजनेस शुरू करने वाले युवाओं से राहुल गांधी का वादा- तीन साल तक नहीं लेनी होगी परमिशन, एंजल टैक्स का भी होगा सफ़ाया

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा है कि नौकरियों का सृजन करने वाले उद्यमियों को उचित तरीके का प्रोत्साहन भी दिया जाएगा.

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने देश के युवाओं के सामने कांग्रेस पार्टी का एजेंडा रखा है. ट्विटर पर राहुल गांधी ने नए बिजनेस को शुरू करने वाले युवाओं को संबोधित करते हुए चार उपाय बताए जिससे युवाओं को नौकरी मिलने में आसानी होगी.

ट्विटर पर राहुल गांधी ने लिखा है, “युवाओं, आप नया बिजनेस शुरू करना चाहते हो? आप देश के लोगों के लिए नई नौकरियां शुरू करना चाहते हो? हमने आपके लिए कुछ प्लान तैयार किए हैं:

1. नया व्यापार शुरू करने वाले लोगों को तीन साल तक किसी भी तरह की अनुमति की जरूरत नहीं होगी.

2. एंजल टैक्स को अलविदा कहेंगे

(मोदी सरकार ने स्टार्ट अप चलाने वाले लोगों के लिए एंजल टैक्स का प्रावधान किया है, जिससे नया बिजनेस शुरू करने वाले लोगों को काफ़ी नुक़सान होता है.)

3. नौकरियों का सृजन करने वाले उद्यमियों को उचित प्रोत्साहन दिया जाएगा.

4. बैंक क्रेडिट को आसान बनाया जाएगा.

बता दें कि अगले कुछ ही हफ़्ते में आम चुनाव शुरू होने वाले हैं. इसे लेकर कांग्रेस पार्टी अपना एजेंडा और चुनावी वादों को जनता के सामने ला रही है. इस चुनाव में राहुल गांधी ने ग़रीबों, किसानों और छोटे-मध्यम उद्योगों को मुख्य चुनावी मुद्दा बनाया है. हाल ही में राहुल गांधी ने न्यूनतम आय योजना की घोषणा की है, जिसके तहत देश के ग़रीब परिवारों को सालाना 72,000 रुपए यानी महीने के 6,000 रुपए दिए जाएंगे.

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+