प्रधानमंत्री अब भाषणों में भ्रष्टाचार, किसान और रोज़गार जैसे मुद्दों का ज़िक्र नहीं करते : राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कहा कि मोदी जी ने प्रधानमंत्री बनने से पहले दो करोड़ युवाओं को रोज़गार देने, किसानों का क़र्ज़ माफ़ करने जैसे कई वादे किए थे.
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को कहा कि पूरा देश समझता है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी झूठ बोलते हैं. 2014 के चुनावों से पहले वह अपने प्रत्येक भाषण में किसान, भ्रष्टाचार और रोज़गार जैसे मुद्दों पर बात करते थे लेकिन अब इन मुद्दों पर चुप रहते हैं.
विदिशा जिले के गंज बासौदा में एक चुनावी सभा को सम्बोधित करते हुए गांधी ने कहा, ‘‘मोदी जी चुनाव से पहले हर भाषण में किसानों, भ्रष्टाचार, रोज़गार की बात करते थे. अब उनके भाषण सुनिये, वह किसान, भ्रष्टाचार, रोज़गार की बात नहीं करते हैं. पूरा देश समझता है कि नरेन्द्र मोदी जी झूठ बोलते हैं.’’
उन्होंने कहा कि मोदी जी ने प्रधानमंत्री बनने से पहले दो करोड़ युवाओं को रोज़गार देने, किसानों का क़र्ज़ माफ़ करने, बोनस और कृषि उत्पादों के लिये बेहतर क़ीमत का वादा किया था. गांधी ने कहा, ‘‘मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि इन वादों को पूरा क्यों नहीं किया गया.’’ उन्होंने कहा कि मैंने मोदी जी से सवाल किया था, ‘‘मोदी जी अगर देश के 15 बड़े अमीर लोगों का 3.5 लाख करोड़ रुपये माफ कर सकते हैं तो किसान का क़र्ज़ क्यों नहीं माफ़ कर सकते. लेकिन मोदी खामोश रहे और मुझे कोई जवाब नहीं दिया.’’
गांधी ने मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने का दावा करते हुए कहा कि पार्टी के सत्ता में आने के 10 दिन के भीतर किसानों का क़र्ज़ माफ़ किया जाएगा. उन्होंने कहा कि पांच चुनावी राज्यों मध्यप्रदेश, राजस्थान, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और मिजोरम में बेरोजगारी और किसानों की परेशानी मुख्य मुद्दा हैं. उन्होंने कहा कि चीन में रोज 50,000 युवाओं को रोजगार मिलता हैं जबकि मेक इन इंडिया, कौशल विकास जैसी केन्द्र की कई योजनाओं के बाद भी हमारे देश में रोजाना केवल 450 युवाओं को रोज़गार मिल पाता है.