May a good source be with you.

“न्याय” लागू करने के लिए नहीं बढ़ाया जाएगा इनकम टैक्स: राहुल गांधी ने कहा- मिडिल क्लास के लोगों पर नहीं पड़ेगा भार

नोटबंदी को लेकर राहुल गांधी ने कहा कि, “यह एक विनाशकारी विचार था. इसका भारत की अर्थव्यवस्था पर बहुत बुरा प्रभाव पड़ा है.”

लोकसभा चुनाव के मद्देनज़र कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने महाराष्ट्र के पुणे शहर में छात्रों से संवाद किया. इस दौरान राहुल गांधी ने अपनी निजी और राजनीतिक जीवन के साथ-साथ कांग्रेस पार्टी की नीतियों को लेकर छात्रों के सवालों के जवाब दिए. राहुल गांधी ने कहा कि न्याय योजना को लागू करने के लिए मध्यम वर्ग पर अतिरिक्त आयकर का भार नहीं डाला जाएगा.

व्यक्तिगत जीवन से जुड़े एक सवाल के जवाब में राहुल गांधी ने कहा कि मैं झूठे वादे नहीं करता, सच बोलता हूं. खोखले वादे करना पसंद नहीं करता हूं. सच को समझ लेने के बाद आगे बढ़ने की हिम्मत मिलती है.

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि “न्याय” के जरिए ग़रीबों को पैसा दिया जाएगा. लेकिन, इसके लिए मध्य वर्ग में आने वाले लोगों पर भार नहीं डाला जाएगा और ना ही इसके लिए आयकर बढ़ाया जाएगा.

प्रियंका गांधी द्वारा साहसी बताए जाने को लेकर पूछे गये एक सवाल पर राहुल ने कहा, “मैं यहां पर हूं और मैं अपने साहस की वजह से वहीं हूं जो आज हूं. मेरा यह साहस मेरे अनुभव से आया है. क्योंकि मैं सच को स्वीकार कर उसका सामना करता हूं. यदि आप भी सच को स्वीकार करते हुए उसका सामना करेंगे तो आपको भी साहस मिलेगा. यदि झूठ में विश्वास करेंगे तो सिर्फ डर लगेगा.”

नोटबंदी को लेकर राहुल गांधी ने कहा कि, “यह एक विनाशकारी विचार था. इसका भारत की अर्थव्यवस्था पर बहुत बुरा प्रभाव पड़ा है. हमारी सरकार रोजगार सृजन करेगी ताकि नोटबंदी का असर कम हो सके.”

राहुल ने कहा कि हमारे बैकिंग सिस्टम पर 20 से 25 लोगों ने अपना कब्जा जमा रखा है. कांग्रेस सरकार इसमें युवाओं की भागीदारी बढ़ाएगी और योजना आयोग को फिर से लाया जाएगा. हालांकि उसके स्वरूप में बदलाव किया जा सकता है.

पार्टी के घोषणापत्र के सवाल के जवाब में राहुल ने कहा कि मेनिफेस्टो में जो कुछ भी है वह जनता की राय और प्लानिंग के बाद डाला गया है. हम कई हज़ार लोगों के पास गये और एक्सपर्ट का ओपिनियन लिया उसके बाद मेनिफेस्टो बनाया. भारत की जनता ने जो कुछ भी बताया उसे ही हमने घोषणापत्र में डाला है.

महिला अधिकारों के सवाल के जवाब में राहुल गांधी ने कहा कि 2019 के बाद हर क्षेत्र में 33 प्रतिशत ज़गहों पर महिलाओं के लिए आरक्षण होगा. जिसमें संसद, विधानसभा और नौकरियां शामिल हैं.

पाकिस्तान में किए गए एयर स्ट्राइक के सवाल पर राहुल ने कहा कि एयर स्ट्राइक को एयरफोर्स ने अंजाम दिया था. इसका पूरा क्रेडिट जाबांज पायलटों को मिलना चाहिए. मैं इसे राजनीतिक मुद्दा नहीं बनाना चाहता, क्योंकि मैं इन मुद्दों के राजनीतिकरण के ख़िलाफ़ हूं. लेकिन, मोदी जी ने इसे राजनीतिक रंग दे दिया.

मंच पर मौजूद अभिनेता और निर्देशक सुबोध भावे ने राहुल गांधी से कहा कि वह उनपर बायोपिक बनाना चाहते हैं. लेकिन उनकी एक गंभीर समस्या है कि आपकी हिरोइन कौन है. राहुल ने मुस्कुराते हुए इसका जवाब देते हुए कहा, “मैने दुर्भाग्य से अपने काम से शादी कर ली है.”

पीटीआई इनपुट्स पर आधारित

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+