ट्विटर पर प्रधानमंत्री मोदी के मुकाबले 200 प्रतिशत ज़्यादा लोकप्रिय हैं राहुल, एक रिपोर्ट
लोकसभा चुनाव से पहले सोशल मीडिया पर राहुल का जलवा कायम है.
लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से लोकप्रियता के मामले में काफी आगे दिख रहे हैं. ट्विटर पर 4 करोड़ 50 लाख फॉलोअर्स होने के बावजूद नरेन्द्र मोदी 82 लाख फॉलोअर्स वाले राहुल गांधी से काफ़ी पीछे चल रहे हैं. 1 जनवरी 2019 से 6 जनवरी 2019 तक दोनों नेताओं के ट्विटर हैंडल के आधार पर हम देख सकते हैं कि राहुल गांधी प्रधानमंत्री मोदी से 200 प्रतिशत ज्यादा लोकप्रिय हैं.
न्यूज़सेंट्रल24X7 ने दोनों नेताओं के ट्वीटर हैंडल से पाया कि 1 जनवरी से 6 जनवरी के बीच नरेन्द्र मोदी (@narendramodi) ने 50 ट्वीट किए. इन ट्वीट्स में उन्हें कुल 1,38,214 रीट्वीट और 5,66,190 लाइक मिले. इस प्रकार प्रधानमंत्री को पिछले 7 दिनों में औसत 2764 रीट्वीट और 11,323 लाइक प्रति ट्वीट मिले हैं.
दूसरी और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने इस एक हफ़्ते में 9 ट्वीट किए. इनमें उन्हें कुल 76,297 रीट्वीट और 2,35,710 लाइक मिले हैं. इसका औसत देखें तो राहुल गांधी को औसत 8,471 रीट्वीट और 26,190 लाइक मिले हैं.
इन आंकड़ों को देखें तो कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी रीट्वीट के मामले में प्रधानमंत्री के तीन गुने से भी ज्यादा हैं, जबकि लाइक के मामले में राहुल गांधी प्रधानमंत्री मोदी से दोगुने धनी हैं.
प्रधानमंत्री को उनके 1 जनवरी के ट्वीट के लिए 10,366 रीट्वीट मिले हैं. यह उनका सबसे बेहतरीन प्रदर्शन है जबकि राहुल गांधी को उनके 4 जनवरी 2019 के ट्वीट पर 13,513 रीट्वीट मिले हैं. यह इस हफ़्ते राहुल गांधी का सबसे लोकप्रिय ट्वीट है.
प्रधानमंत्री मोदी के 4 जनवरी 2019 के एक ट्वीट पर 35,115 लाइक मिले हैं, यह लाइक के मामले में उनका सबसे लोकप्रिय ट्वीट है. वही राहुल गांधी को उनके 2 जनवरी के ट्वीट के लिए 42,344 लाइक मिले हैं.
इस प्रकार देखें तो भले ही राहुल गांधी के ट्विटर पर भले ही प्रधानमंत्री मोदी से कम ट्वीट दिखते हों, लेकिन उन्होंने जनता का ध्यान पाने में मोदी से अधिक सफलता पाई है. तीन राज्यों की विधानसभा चुनाव में जीत के बाद राहुल की लोकप्रियता में बढ़ोतरी देखी जा रही है. ऐसे में स्पष्ट है कि लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी का पाला प्रधानमंत्री मोदी से किसी भी स्थिति में कम नहीं है.