May a good source be with you.

बिना किसी शर्त के जम्मू-कश्मीर जाने को तैयार राहुल गांधी, राज्यपाल से कहा- बताइए मैं कब आऊं?

राहुल गांधी के दौरे को लेकर राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने दावा किया था कि वे विपक्षी नेताओं के प्रतिनिधिमंडल को लाने की बात करके मामलों का राजनीतिकरण कर रहे हैं.

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा है कि वे जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल सत्यपाल मलिक के आमंत्रण को स्वीकार करते हैं और वे बिना किसी शर्त के जम्मू-कश्मीर का दौरा करने के लिए तैयार हैं. इससे पहले मंगलवार को राहुल गांधी ने कहा था कि वे जम्मू कश्मीर का दौरा करने के लिए तैयार हैं बशर्ते उन्हें कश्मीर के मेनस्ट्रीम नेताओं और जनता से मिलने दिया जाए.

ट्विटर पर राहुल गांधी ने लिखा है, “सत्यपाल मलिक जी, मैंने अपने ट्वीट पर आपका जवाब देखा. मैं जम्मू कश्मीर दौरे के लिए आपका निमंत्रण बिना किसी शर्त के स्वीकार करता हूं. आप बताइए मैं कब आऊं?”

मीडिया ख़बरों के मुताबिक जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने पहले कहा था कि वे राहुल गांधी को आमंत्रित करते हैं कि आएं और कश्मीर के शांतिपूर्ण हालात खुद देख लें. इस पर राहुल गांधी ने कहा कि वे विपक्षी दलों के नेताओं के साथ कश्मीर का दौरा करना चाहेंगे और कश्मीर के लोगों, मुख्यधारा के नेताओं और सेना के जवानों से स्थिति के बारे में जानकारी लेंगे.

बता दें कि जम्मू-कश्मीर को प्राप्त विशेष दर्जे को ख़त्म किए जाने तथा अनुच्छेद 370 और 35 ए के विवादित प्रावधानों को हटाए जाने के बाद वहां हालात गंभीर हैं. पिछले दिनों श्रीनगर के सौरा इलाके में एक बड़ा प्रदर्शन आयोजित किया गया था.

इसे भी पढ़ें- झूठ: कश्मीर में ख़ुशियां और शांति है, सच: श्रीनगर में 10,000 लोगों ने किया विरोध प्रदर्शन-सुरक्षा बलों ने बरसाए आंसू गैस के गोले

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+