राहुल का नारा- ‘ग़रीबी पर वार, 72 हज़ार’, न्याय से मिलेगी अर्थव्यवस्था को गति
राहुल गांधी ने बताया कि घोषणा पत्र का फोकस किसान, रोज़गार, न्याय, महिला, राष्ट्रीय सुरक्षा और देश को जोड़ने पर है.
लोकसभा चुनाव के मद्देनज़र कांग्रेस पार्टी ने आज अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है. घोषणा पत्र जारी करते वक्त कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि इसमें कांग्रेस की नहीं ‘जनता के मन की बात’ है.
राहुल गांधी ने बताया कि घोषणा पत्र का फोकस किसान, रोज़गार, न्याय, महिला, राष्ट्रीय सुरक्षा और देश को जोड़ने पर है. कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि हमने मेनिफेस्टो में देश की पांच बड़ी बातों को ध्यान दिया है. जो मुख्य रूप से हैं:
न्याय योजना
- ‘ग़रीबी पर वार, 72 हज़ार’ के नारे के साथ न्याय योजना की घोषणा की गई है. राहुल ने कहा कि ‘न्याय’ योजना से दो फायदे होंगे. पहला यह कि यह पैसा सीधे ग़रीबों के खाते में जाएगा और दूसरा जीएसटी और नोटबंदी से कमजोरी पड़ी अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी.
- रोज़गार
कांग्रेस ने अपने मेनिफेस्टो में बताया है कि देश में 22 लाख सरकारी रिक्तियां है, जिसे कांग्रेस सरकार सता में आते ही मार्च 2020 तक भरेगी. साथ ही 10 लाख युवाओं को ग्राम पंचायत में रोजगार मिलेगा. - वहीं, मोदी सरकार की मेक इन इंडिया योजना पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी ने कहा कि युवाओं को बिजनेस खोलने के लिए कई जगह अनुमति लेनी पड़ती है. कांग्रेस के सत्ता में आने के बाद तीन साल तक के लिए हिंदुस्तान के युवाओं को बिजनेस खोलने के लिए कोई अनुमति नहीं लेनी पड़ेगी. हम बैंक का द्वार युवाओं के लिए सीधा खोलेंगे.
- मनरेगा योजना
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि मोदी सरकार ने मनरेगा को बेकार बताया था. लेकिन, मनरेगा से हिंदुस्तान के ग़रीबों को मदद मिली है. हम मनरेगा के जरिए 150 दिन के रोजगार गारंटी करना चाहते हैं.
किसान
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि मध्य प्रदेश, छतीसगढ़, पंजाब, राजस्थान में हमने किसानों का कर्जा माफ किया. साथ ही किसानों के लिए हम कुछ अलग लेकर आये हैं.
1. रेलवे बजट की तरह किसानों के लिए अलग बजट तय की जाएगी.
2. किसान यदि कर्ज नहीं चुका पाते हैं तो उनपर क्रिमिनल ऑफेंस के तहत केस दर्ज नहीं होगा. हमारी सरकार में इसे सीविल ऑफेंस की कैटेगरी में दर्ज की जाएगी.
शिक्षा और स्वास्थ्य
- राहुल ने कहा कि जीडीपी का 6 फीसदी देश की शिक्षा के लिए दी जाएगी. टॉप शिक्षण संस्थानों का दरवाजा सबके लिए खोला जाएगा. वहीं, स्वास्थ्य को लेकर राहुल ने कहा कि हम सरकारी अस्पतालों को मजबूत करेंगे और यहां सुविधा बढ़ायेंगे.
राष्ट्रीय सुरक्षा
- कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि बीजेपी ने देश को बांटने का काम किया है. कांग्रेस देश को जोड़ने का काम करेगी. हमारा ध्यान नेशनल और आतंरिक सुरक्षा को ठीक करना होगा.
- इसके साथ ही राहुल ने कहा कि कांग्रेस का नैरेटिव ‘न्याय’ है. हम जीएसटी के 5 अलग-अलग टैक्स को खत्म करने सिर्फ एक टैक्स लागू करेंगे. देश की रूकी हुई अर्थव्यस्था को गति देने में न्याय कारगर साबित होगी.