राहुल गांधी ने की कश्मीरियों पर हमले की निंदा, कहा- यह देश हर देशवासी का है
राहुल गांधी ने कहा कि मैं कश्मीरी भाइयों एवं बहनों के ख़िलाफ़ होने वाली सभी तरह की हिंसा की निंदा करता हूं.
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने लखनऊ में कुछ कश्मीरी सौदागरों की पिटाई की घटना की निंदा करते शुक्रवार को कहा कि यह देश हर देशवासी का है.
गांधी ने घटना का वीडियो शेयर करते हुए ट्वीट किया, ‘‘उत्तर प्रदेश में कश्मीरी व्यापारियों पर हमले के इस वीडियो से दुखी हूं. मैं उस बहादुर व्यक्ति को सलाम करता हूं जिसने हमलावरों को रोका.’’
उन्होंने कहा, ‘‘भारत हमारे देश के हर हिस्से में रहने वाले व्यक्ति का है. मैं कश्मीरी भाइयों एवं बहनों के खिलाफ होने वाली सभी तरह की हिंसा की निंदा करता हूं.’’
हाल ही में कुछ लोगों ने लखनऊ में दो कश्मीरी सौदागरों की पिटाई की जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. इस वीडियो में एक व्यक्ति कश्मीरी सौदागरों को बचाता हुआ भी दिख रहा है.