राहुल गांधी का एलान: लेटरल एंट्री के जरिए सिविल सेवा में होगी योग्य पूर्व सैनिकों की बहाली
राहुल गांधी ने कहा कि 40 वर्ष से कम आयु के पूर्व सैनिकों के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के द्वार खोले जाएंगे.
बीते मंगलवार को जारी घोषणापत्र में किसान, बेरोज़गार, ग़रीब और युवाओं के लिए बड़े वादे करने के बाद कांग्रेस पार्टी ने पूर्व सैनिकों को लेकर भी बड़ा एलान किया है. पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा है कि पूर्व सैनिकों को लेटरल इंट्री के जरिए सिविल सेवा में प्रवेश दिया जाएगा.
कांग्रेस अध्यक्ष ने ट्विटर पर कहा है कि सत्ता में आने के बाद उनकी पार्टी योग्य पूर्व सैनिकों को सिविल सेवा में लेटरल एंट्री के जरिए प्रवेश की अनुमति देगी. 40 वर्ष से कम आयु के पूर्व सैनिकों के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के द्वार खोले जाएंगे.
राहुल गांधी ने ट्विटर पर लिखा, “हमारे पूर्व सैन्यकर्मी भारत का गौरव हैं और उन्हें वो सम्मान मिलना चाहिए जिसके वो हकदार हैं. हम योग्य पूर्व सैन्यकर्मियों को सिविल सेवाओं में लेटरल एंट्री के जरिए जगह देंगे.’’ उन्होंने कहा, ‘‘केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों में भी 40 साल से कम उम्र के पूर्व सैन्यकर्मियों को शामिल होने का मौका मिलेगा.’’
Our Ex-Servicemen are India’s pride & must be given the respect they deserve.
We will allow qualified Ex-Servicemen lateral entry into the Civil Services.
The Central Armed Police Forces will be opened up to Ex-Servicemen under the age of 40.
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) April 3, 2019
ग़ौरतलब है कि आम चुनाव के मद्देनज़र अपने घोषणापत्र में कांग्रेस ने देश की पांच मुख्य समस्याओं प्रमुखता दी है. कृषि, रोजगार, युवा वर्ग, शिक्षा और ग़रीबी को पार्टी ने अपने मुख्य एजेंडे में शामिल किया है. राहुल गांधी ने घोषणा पत्र में शामिल इन पांच योजनाओं को कांग्रेस का ‘पंजा’ बताया है.