प्रधानमंत्री से लेकर मुख्यमंत्री तक सब आपका पैसा चुरा रहे हैं: राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कहा कि मध्यप्रदेश का युवा पढ़ना चाहता है लेकिन यहां की सच्चाई व्यापम घोटला है.
देश में चल रहे चुनावी माहौल के बीच गुरुवार को एक सभा के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मध्यप्रदेश के विदिशा में लोगों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी पर जमकर निशाना साधा और किसानों की क़र्ज़ माफ़ी को लेकर प्रधानमंत्री से सवाल किया. साथ ही यह भी कहा, ‘प्रधानमंत्री से लेकर मुख्यमंत्री आपका पैसा आपसे चुरा रहे हैं.’
राहुल गांधी ने कहा, “जब मैंने प्रधानमंत्री से पूछा कि आपने हिंदुस्तान के किसानों का क़र्ज़ क्यों माफ़ नहीं किया, तो उन्होंने सवाल के जवाब में एक शब्द भी नहीं बोला.” कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, “आज इस मंच से प्रधानमंत्री को जवाब देना चाहता हूं मध्यप्रदेश के किसान आप भी सुनिए, यहां पैसे की कोई कमी नहीं, भारत में भी पैसे की कमी नहीं है. लेकिन चोकसी, नीरव मोदी, माल्या जैसे लोग हज़ारों करोड़ रुपये लेकर भाग गए. मुख्यमंत्री के परिजन पैसे लेकर भाग गए.”
एनडीटीवी की ख़बर के अनुसार कांग्रेस अध्यक्ष ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश का युवा शिक्षा चाहता है लेकिन युवाओं के लिए यहां कुछ है ही नहीं. युवा पास होने के लिए नकल करने के लिए मजबूर हैं. उन्होंने कहा, “यदि आप ईमानदार हैं, आपके पास पैसा नहीं है तो आप मध्यप्रदेश में परीक्षा में पास नहीं हो सकते क्योंकि यहां की सच्चाई व्यापम है जिसमें 50 लोग मारे गए. लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई. कोई जेल नहीं गया. मुख्यमंत्री के रिश्तेदारों को बड़े-बड़े ठेके दिए जाते हैं जिसमें हज़ारों करोड़ रुपये का घोटाला होता है. हर रोज़, हर लेवल पर, ऊपर से लेकर नीचे, प्रधानमंत्री से लेकर मुख्यमंत्री आपका पैसा आपसे चोरी कर रहे हैं.”
राहुल गांधी ने राफ़ेल सौदे पर केंद्र सरकार पर हमला करते हुए कहा, “हमारी सरकार ने विमानों को कम से कम दामों में खरीदने की बात कही थी. लेकिन केंद्र सरकार ने राफ़ेल सौदे में देश को ठगा है.” उन्होंने दावा किया कि चुनाव में कांग्रेस के जीतने पर केवल दस दिन के भीतर हर किसान का क़र्ज़ माफ़ कर देंगे.