मोदी सरकार के झूठे वादों ने दलित और आदिवासी भाई-बहनों को सड़क पर उतरने को मजबूर कर दिया है: राहुल गांधी
राहुल गांधी ने आदिवासी और दलित संगठनों को अपना समर्थन देने की बात कही है.
आदिवासी और दलित संगठनों की मौजूदा हालात को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर हमला बोला है. राहुल गांधी ने कहा है कि आदिवासी और दलित भाई-बहन जंगल के अधिकार और आरक्षण में छेड़छाड़ से संकट में हैं और ऐसी परिस्थिति में उन्होंने आदिवासियों और दलितों के साथ होने की बात कही है.
ट्विटर पर राहुल गांधी ने लिखा है, “हमारे आदिवासी और दलित भाई-बहन संकट में हैं. प्रधानमंत्री की झूठी क़समों और झूठे वादों ने आज उन्हें सड़कों पर उतरने को मजबूर कर दिया है. उनके जंगल और जीवन के अधिकार पर निरंतर हमला हुआ है. वन अधिकार छीने जाने से, संवैधानिक आरक्षण में छेड़छाड़ से. मैं पूरी तरह से उनके साथ हूं.”
https://twitter.com/RahulGandhi/status/1102850509701111808
बता दें कि दलित और आदिवासी संगठनों ने मोदी सरकार के ख़िलाफ़ 5 मार्च को एक दिन का भारत बंद किया है. इसमें विश्वविद्यालयों में 200 प्वाइंट रोस्टर सिस्टम लागू करने, देशभर में खाली पड़े 24 लाख पदों को भरने, आदिवासियों को उनकी जमीन से बेदखल करने के सुप्रीम कोर्ट के फ़ैसले के ख़िलाफ़ अध्यादेश लाने जैसी कई मांगें शामिल हैं. इस भारत बंद को उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, बसपा प्रमुख मायावती सहित कई नेताओं ने अपना समर्थन दिया है.