मोदी जी बताएं कि मसूद अज़हर को हिन्दुस्तान की जेल से निकाल कर कांधार किसने पहुंचाया: गुजरात में गरजे राहुल गांधी
प्रधानमंत्री मोदी ने अनिल अंबानी को लाभ पहुंचाने के लिए एक विमान की क़ीमत 1600 करोड़ रुपए कर दी.
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को उनके गृहराज्य में ही घेरने की कोशिश की है. गुजरात की राजधानी गांधीनगर में आयोजित संकल्प रैली में राहुल गांधी ने बेरोजगारी, भ्रष्टाचार व किसानों के साथ वादाख़िलाफ़ी समेत कई मुद्दे पर प्रधानमंत्री मोदी को घेरा है.
इस सभा में राहुल गांधी ने कहा कि इस देश को महात्मा गांधी की विचारधारा और गुजरात ने बनाया है, लेकिन इस समय में कुछ लोग इसे नुक़सान पहुंचाना चाहते हैं. बेरोज़गारी के मुद्दे पर प्रधानमंत्री मोदी को घेरते हुए उन्होंने कहा कि देश में बेरोज़गारी पिछले 45 सालों के उच्चतम स्तर पर है. रोजगार की तलाश में देश भर में युवाओं को विस्थापन झेलना पड़ रहा है.
किसानों के मुद्दे पर बोलते हुए राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी अपने चंद उद्योगपतियों के कर्ज़ माफ़ करते हैं, लेकिन किसानों का कर्ज़ माफ़ नहीं करते. राहुल गांधी ने कहा कि 2019 में कांग्रेस की सरकार बनने पर हर ग़रीब परिवार को गारंटी करके न्यूनतम आमदनी दी जाएगी.
नोटबंदी पर मोदी सरकार को घेरते हुए राहुल गांधी ने कहा, “गुजरात के छोटे दुकानदार, छोटे उद्योग जो आपकी रीढ़ की हड्डी है उसको मोदी जी ने नोटबंदी करके एक झटके में नष्ट कर दिया.” जीएसटी के मुद्दे पर भी राहुल गांधी ने मोदी सरकार को घेरा. उन्होंने कहा कि जीएसटी की वज़ह से मध्यम और लघु उद्योग से जुड़े लोगों को नुक़सान उठाया पड़ा है. राहुल गांधी ने कहा कि उनकी सरकार बनने पर इस जीएसटी को बदलकर देशभर में एक टैक्स का नियम लागू किया जाएगा.
राफ़ेल घोटाले पर भी राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी को घेरा. उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार ने एक राफ़ेल विमान की क़ीमत 526 करोड़ रुपए तय की थी, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने अनिल अंबानी को लाभ पहुंचाने के लिए एक विमान की क़ीमत 1600 करोड़ रुपए कर दी. उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी ने वायुसेना और उसके पायलटों की जेब से 30 हजार करोड़ रुपए चोरी करके अनिल अंबानी के जेब में डाले.
राष्ट्रीय सुरक्षा और आतंकवाद के मुद्दे पर प्रधानमंत्री मोदी और भारतीय जनता पार्टी को घेरते हुए राहुल गांधी ने कहा कि मोदी जी बताएं कि आतंकी मसूद अज़हर को प्लेन में बैठाकर कांधार किसने पहुंचाया था. उन्होंने कहा, “मोदी जी हर मंच पर देशभक्ति की बात करते हैं. मैं गुजरात से नरेन्द्र मोदी से सवाल पूछना चाहता हूं कि इस मसूद अजहर को हिंदुस्तान की जेल से कांधार किसने भेजा?”
भगोड़े नीरव मोदी का ज़िक्र करते हुए राहुल गांधी ने कहा, “कल अखबार में छपा कि ब्रिटेन की सरकार ने नीरव मोदी के बारे में हिंदुस्तान की सरकार से जानकारी मांगी, लेकिन सरकार ने कोई जवाब नहीं दिया.”