सीबीआई विवाद में कांग्रेस का प्रदर्शन: राहुल गांधी सहित कई कांग्रेसी नेता गिरफ़्तार
राहुल गांधी सीबीआई निदेशक आलोक वर्मा को हटाए जाने के फैसले के ख़िलाफ़ दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे थे।
सीबीआई निदेशक आलोक वर्मा को छुट्टी पर भेजने के फैसले के ख़िलाफ़ कांग्रेस पार्टी आज देशभर की राजधानियों में विरोध प्रदर्शन कर रही है। इस प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी सहित कई कांग्रेसी नेताओं को दिल्ली पुलिस ने गिरफ़्तार किया है। कांग्रेस अध्यक्ष दिल्ली में विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे हैं।
Congress President Rahul Gandhi and other leaders who were protesting near #CBI headquarters have been arrested: RS Surjewala pic.twitter.com/WKA9wwqXf8
— ANI (@ANI) October 26, 2018
फ़र्स्टपोस्ट की ख़बर के मुताबिक कांग्रेस नेता आनंद शर्मा, सीपीआई के डी राजा और शरद यादव जैसे नेता विरोध प्रदर्शन में मौजूद हैं। इस विरोध प्रदर्शन शुरुआत दयाल सिंह कॉलेज से हुई है।
कांग्रेस पार्टी के इस प्रदर्शन को सीबीआई मुख्यालय से 800 मीटर की दूरी पर ही रोक दी गई थी। मुख्यालय के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। ताजा जानकारी के मुताबिक पुलिस ने कई कांग्रेस पार्टी के कई कार्यकर्ताओं और नेताओं को गिरफ़्तार किया है।
इस मार्च में मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ता ‘गली-गली में शोर है, देश का चौकीदार चोर है’ जैसे नारे लगाए जा रहे हैं। कांग्रेस के प्रदर्शन को तेलुगु देशम पार्टी और तृणमूल कांग्रेस का भी समर्थन मिला है।
गौरतलब है कि दिल्ली के अलावा बेंगलुरू, पटना, लखनऊ समेत कई राज्यों में कांग्रेस द्वारा प्रदर्शन किया जा रहा है। चंडीगढ़ में प्रदर्शनकारियों रोकने के लिए पुलिस द्वारा वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया गया है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राज बब्बर कार्यकर्ताओं के साथ लखनऊ में प्रदर्शन में हिस्सा लेने पहुंचे हैं।
अहमद पटेल, आनंद शर्मा, अंबिका सोनी, महाबल मिश्रा और जतिन प्रसाद जैसे कांग्रेस नेता प्रदर्शन में हिस्सा लेने के लिए पहुंचे हैं।