राहुल गांधी की मतदाताओं से अपील- भारत की आत्मा और उसके भविष्य के लिए समझदारी से करें वोट
आज लोकसभा की 91 सीटों के लिए 20 राज्यों में पहले चरण के मतदान हो रहे हैं.
लोकसभा चुनाव के लिए पहले चरण की मतदान की प्रक्रिया जारी है. इसी बीच कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मतदाताओं से भारत की आत्मा और उसके भविष्य के लिए समझदारी से मतदान करने की अपील की है.
उन्होंने मतदाताओं से रोज़गार, नोटबंदी, किसान और राफ़ेल जैसे मुद्दों को ध्यान में रखकर वोट देने के लिए कहा है.
राहुल गांधी ने फेसबुक पोस्ट में मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए लिखा है, “2 करोड़ रोज़गार नहीं, बैंक खाते में 15 लाख नहीं, अच्छे दिन नहीं. उसके बदले कोई नौकरी नहीं, नोटबंदी, किसानों को परेशानी, गब्बर सिंह टैक्स, सूट बूट सरकार, राफ़ेल घोटाला झूठ, अविश्वास, हिंसा, नफरत, डर मिला है.”
कांग्रेस अध्यक्ष ने अपील करते हुए कहा, “आज आप भारत की आत्मा और उसके भविष्य के लिए वोट देने जा रहे हैं. समझदारी से मतदान करें.”
बता दें कि आज लोकसभा की 91 सीटों के लिए 20 राज्यों में पहले चरण के मतदान हो रहे हैं.