राफ़ेल सौदे पर मोदी सरकार को घेरने की तैयारी में राहुल गांधी, आज बेंगलुरु में एचएएल के कर्मचारियों से करेंगे मुलाकात
राहुल गांधी ने कहा है कि अनिल अंबानी को फ़ायदा पहुंचाने ने प्रधानमंत्री मोदी ने इस डील से हिन्दुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड को बाहर किया।
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी राफ़ेल सौदे में कथित भ्रष्टाचार के मुद्दे पर मोदी सरकार को घेरने की पूरी तैयारी में हैं। इसी क्रम में आज राहुल गांधी बेंगलुरु में हिन्दुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड के कर्मचारियों से मुलाकात करेंगे। इस मुलाकात के दौरान राहुल गांधी एचएएल के कर्मचारियों से राफ़ेल सौदे को लेकर चर्चा करेंगे।
अपने ट्विटर हैंडल पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने यह जानकारी साझा की। अपने ट्वीट में राहुल गांधी ने लिखा, ‘हिन्दुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड भारत की रणनीतिक संपत्ति है। राफ़ेल सौदे को अनिल अंबानी की कंपनी के हाथों देकर मोदी सरकार ने इसे दरकिनार कर दिया।’ उन्होंने लिखा कि एचएएल की गरिमा को बचाने के लिए वे शनिवार को बेंगलुरु में रहेंगे।
HAL is India's strategic asset. The future of India's aerospace industry has been destroyed by snatching #Rafale from HAL & gifting it to Anil Ambani.
Come defend the dignity of India's defenders. I am in Bengaluru to stand with HAL’s employees. Join me outside HAL HQ, at 3 PM. pic.twitter.com/FzfVGZ17Z6
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) October 13, 2018
ग़ौरतलब है कि मोदी सरकार पर फ़्रांस से राफ़ेल विमानों की खरीद को लेकर भ्रष्टाचार के आरोप लग रहे हैं। कहा जा रहा है कि प्रधानमंत्री मोदी ने अनिल अंबानी को फ़ायदा पहुंचाने के लिए हिन्दुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड को हटाकर अंबानी की नई नवेली कंपनी रिलायंस डिफ़ेंस को सौदे का साझीदार बना दिया। हाल ही में फ्रांस के पूर्व राष्ट्रपति ने दावा किया था कि भारत सरकार ने अपनी तरफ़ से रिलायंस का नाम सुझाया था, जिस कारण फ्रांसीसी कंपनी दसॉल्ट को रिलायंस के साथ यह डील करनी पड़ी।