May a good source be with you.

पीएम मोदी को राफेल जांच से कोई बचा नहीं सकता: राहुल गांधी

गांधी ने कहा, प्रधानमंत्री मोदी और उनकी सरकार सौदे की जांच से भाग नहीं सकती है.

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने राफेल सौदे को लेकर एक बार फिर पीएम नरेंद्र मोदी पर हमला बोला है. राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को राफेल जांच से कोई नहीं बचा सकता है और पूरे देश को निसंदेह पता चल जाएगा कि उन्होंने लोगों के 30,000 करोड़ रुपये ले लिए और अपने दोस्त अनिल अंबानी को दे दिए.

संसद के बाहर पत्रकारों से बात करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि सीबीआई प्रमुख को रात में 1 बजे हटा दिया गया था क्योंकि वह राफेल विमान समझौते को लेकर एक जांच शुरू करने वाले थे और प्रधानमंत्री मोदी और उनकी सरकार सौदे की जांच से भाग नहीं सकती है.

उन्होंने कहा, “सीबीआई प्रमुख को रात में 1 बजे बाहर कर दिया गया क्योंकि वह राफेल सौदे की जांच शुरू करने वाले थे. सीबीआई प्रमुख को बहाल कर दिया गया है और हमें कुछ राहत मिली है. अब देखते हैं कि क्या होता है.”

गांधी ने आगे कहा, “वे राफेल से भाग नहीं सकते, यह असंभव है. मोदी जी एक बहस से भाग गए. उन्हें जनता की अदालत में हमारे साथ राफेल मुद्दे पर चर्चा करनी चाहिए थी. उन्हें राफेल से कोई नहीं बचा सकता, क्योंकि राफेल सच्चाई है. कोई भी सच्चाई से भाग नहीं सकता है.”

बता दें कि सुप्रीम कोर्ट ने सीबीआई के निदेशक आलोक वर्मा को बहाल करने के आदेश जारी किए हैं. यह आदेश 23 अक्टूबर को केंद्र सरकार द्वारा वर्मा के अधिकारों को वापस लेने के फैसले को रद्द करते हुए जारी किये गए हैं. हालांकि सुप्रीम कोर्ट ने सीवीसी द्वारा वर्मा के ख़िलाफ़ भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच खत्म होने तक उन्हें कोई भी नीतिगत फैसला लेने से रोक दिया है.

पीटीआई इनपुट्स पर आधारित

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+