14 सालों से अत्याचारी और पलटीबाज़ी सरकार का शासन, अब जनता इनके होश ठिकाने लगाएगी- राबड़ी देवी ने नीतीश कुमार पर साधा निशाना
नीतीश कुमार ने चुनावी सभा के दौरान कहा था, “हम काम के आधार पर वोट मांगने आए हैं. मैंने जो काम किया है आज उसकी मजदूरी मांग रहा हूं.”
बिहार की पूर्व सीएम और राजद नेता राबड़ी देवी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा काम के आधार पर मजदूरी मांगने वाले बयान पर पलटवार किया है. उन्होंने कहा कि जनता चुनाव में गरीब लोगों से मजदूरी (वोट) मांगने वालों के होश ठिकाने जरूर लगाएगी.
राबड़ी देवी ने भोजपूरी भाषा में ट्वीट कर कहा, “एक आदमी अपने 14 साल के कुशासन, पलटीबाज़ी और अत्याचार का हिसाब न देकर, ग़रीब जनता से मज़दूरी मांग रहा है. नाम नहीं काम करने वालों को जनता खूब पहचानती है. जनता चुनाव में झांसा देने वाले को मजदूरी तो नहीं देगी. लेकिन, उनके होश जरूर ठिकाने लगाएगी.”
ए गो आदमी आपन 14 साल कुशासन, पलटीबाज़ी और अत्याचार के काम के हिसाब ना देके उ गरीब जनता से मजदूरी मांगा ताड़न। नाम ना काम करे वाला के जनता खूब पहचानता। जनता चुनाव में झाँसा देवे वाला के मजदूरी तो न दी, बाकी ओकरा के होश ठिकाने ज़रूर लगाई।
— Rabri Devi (@RabriDeviRJD) April 27, 2019
दरअसल, नीतीश कुमार ने जमुई में चुनावी सभा के दौरान कहा था, “हम काम के आधार पर वोट मांगने आए हैं. पिछले 13 सालों में मैंने जो काम किया है आज उसकी मजदूरी मांग रहा हूं.”