कश्मीरी नागरिकों पर ज्यादती: नोएडा में एक होटल मालिक ने बोर्ड पर लिखा-कश्मीरियों का आना मना है
नवनिर्माण सेना प्रमुख अमित जानी का कहना है कि उनकी नज़र में कश्मीर के लोग देशद्रोही हैं.
पुलवामा आतंकी हमले के बाद देश के अलग-अलग हिस्सों में कश्मीरी नागरिकों और छात्रों को निशाना बनाए जाने की ख़बर सामने आ रही है. ताज़ा मामला दिल्ली-एनसीआर का है. यहां कश्मीरियों के साथ भेदभाव की घटना सामने आई है. दिल्ली से सटे नोएडा में एक होटल के बाहर एक बोर्ड लगाया गया है, जिसमें लिखा है “कश्मीरियों का आना मना है.”
जनसत्ता की ख़बर के अनुसार नोएडा के सेक्टर 15 में स्थित जानी होम्स ने अपने रिसेप्शन के बाहर कश्मीरियों का आना मना है, का बोर्ड लगा रखा है. होटल के मालिक और नवनिर्माण सेना के प्रमुख अमित जानी का कहना है कि कश्मीर के लोग उनकी नज़र में देशद्रोही हैं. इसलिए उन्हें होटल में कमरा नहीं दिया जाएगा.
अमित जानी का कहना है कि पंजाब, गुजरात या अन्य राज्यों से आने वाले लोग देश को गालियां नहीं देते, लेकिन कश्मीरी ऐसा करते हैं. उनसे एक तरह की सावधानी बरतनी पड़ती है. क्या पता वे अपने पास बंदूक छुपा रखे हो?
उन्होंने आगे कहा कि मेरा गेस्टहाउस राष्ट्रवादी कश्मीरियों के लिए खुला है. और ऐसे कश्मीरियों को मैं निजी तौर पर जानता हूं. उन्होंने कहा कि मुझे इससे नुकसान है, लेकिन देशभक्ति से बढ़कर कुछ नहीं है.
हालांकि जब तक पुलिस होटल पहुंची तब तक बोर्ड हटा लिया गया था. पुलिस ने इस पूरे मामले पर कहा कि अगर कश्मीरियों के साथ भेदभाव किया जाता है, तो शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जाएगी.