शर्मनाक: मेघालय के राज्यपाल तथागत रॉय बोले- कश्मीर के लोगों और कश्मीरी सामान का करें बहिष्कार
राज्यपाल तथागत रॉय ने ट्वीट कर कहा कि अगले दो सालों तक अमरनाथ यात्रा पर नहीं जाना चाहिए.
पुलवामा आतंकी हमले के बाद देश के कई शहरों से कश्मीरी छात्रों को निकाले जाने की ख़बर सामने आ रही थी, अब इसमें मेघालय के राज्यपाल तथागत रॉय भी कूद पड़े हैं. उन्होंने कहा है कि कश्मीरी लोगों और कश्मीर के सामानों का बहिष्कार किया जाए.
तथागत रॉय ने ट्वीट कर कहा है कि कश्मीर नहीं जाना चाहिए और अगले दो सालों तक अमरनाथ यात्रा पर भी नहीं जाना चाहिए. मेघालय के राज्यपाल यहीं नहीं रूके, बल्कि उन्होंने यह भी कहा कि कश्मीर से जो सामान सर्दियों में आता है उनका भी बहिष्कार करना चाहिए.
An appeal from a retired colonel of the Indian Army: Don’t visit Kashmir,don’t go to Amarnath for the next 2 years. Don’t buy articles from Kashmir emporia or Kashmiri tradesman who come every winter. Boycott everything Kashmiri.
I am inclined to agree— Tathagata Roy (@tathagata2) February 19, 2019
ग़ौरतलब है कि एक राज्यपाल का इस तरह का बयान कश्मीरी लोगों के प्रति फ़ैले नफ़रत को और बढ़ावा देगा. आज के समय में जब पूरे देश से कश्मीरी छात्रों और नागरिकों पर हमले और शहर छोड़कर कश्मीर लौटने की धमकी दी जाने की ख़बरें सामने आ रही हैं, ऐसे में यह बयान आग में घी डालने का काम कर सकता है.
ज्ञात हो कि बीते 14 फरवरी को पुलवामा में जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी ने सीआरपीएफ़ जवानों के काफ़िले पर हमला कर दिया था. इसमें 40 से ज्यादा जवानों की मौत हो गई थी.