सबसे बड़ी देशभक्ति है कि आप जागरूक बनें: अपनी पहली चुनावी रैली में बोलीं प्रियंका गांधी
प्रियंका गांधी ने कहा कि हमारे देश की फ़ितरत है कि नफ़रत की हवाओं को प्रेम और करुणा में बदलना.
कांग्रेस महासचिव का पद संभालने के बाद प्रियंका गांधी ने गुजरात के गांधीनगर में पहली रैली को संबोधित किया. प्रियंका गांधी ने अपने चिर परिचित अंदाज में देश के मौजूदा हालात पर अपनी चिंता जताते हुए कहा कि सबसे बड़ी देशभक्ति यह है कि आप जागरूक बनें. इसके साथ ही उन्होंने रोज़गार, किसानों की समस्याएं सहित कई मुद्दों पर मोदी सरकार को घेरा.
रैली को संबोधित करते हुए प्रियंका ने मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मोदी सरकार ने देश में करोड़ों लोगों को नौकरी देने के अपने वादों को पूरा नहीं किया. लोगों को बांटा जा रहा है, नफ़रत फैलाई जा रही है और जो सच्चे मुद्दे हैं उनकी बात सरकार नहीं करती.
प्रियंका गांधी ने कहा कि महात्मा गांधी के साबरमती आश्रम में बैठकर उन्होंने महसूस किया कि यह देश प्रेम, सद्भावना और आपसी प्यार के आधार पर बना है.
देश के मौजूदा हालातों पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि आज जो कुछ देश में हो रहा है उससे दु:ख होता है. मैं दिल से कहना चाहती हूं कि इससे बड़ी कोई देशभक्ति नहीं है कि आप जागरूक बनें. आपकी जागरुकता एक हथियार है. यह ऐसा हथियार है, जो ना किसी को दु:ख देता है और ना ही किसी को चोट पहुंचता है. लेकिन यह आपको मजबूत बनाएगा.
कांग्रेस महासचिव ने कहा कि इस चुनाव में आप अपना भविष्य चुनने जा रहे हैं. चुनाव में जरूरी मुद्दे किसान, नौकरी और महिला सुरक्षा है. आपकी जागरुकता ही आपको इन परेशानी से छुटकारा दिलाएंगी.
मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, “जो आपके सामने बड़ी- बड़ी बाते करते हैं, वादे करते हैं उनसे पूछिए कि हर साल 2 करोड़ रोजगार देने का जो वादा किया वह कहां है? 15 लाख आपके खाते में आने थे, वह कहां है?
प्रियंका गांधी ने कहा कि आने वाले दो महीने में आपके सामने कई मुद्दे उठाए जाएंगे, लेकिन यह आपकी जागरुकता है कि आपको किन मुद्दों को मानना है समझना है.
महात्मा गांधी को याद करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा, “यहीं से गांधी जी ने प्रेम और अहिंसा की आवाज उठाई थी. मैं सोचती हूं कि हमारी आवाज़ भी यहीं से उठनी चाहिए. जो अपनी फ़ितरत की बात करते हैं उनसे पूछिए कि देश की फ़ितरत क्या है? इस देश की फ़ितरत है कि नफ़रत की हवाओं को प्रेम और करुणा में बदलना. ये आवाज आप यहां उठाएंगे. आने वाले दिनों में सही निर्णय लीजिए, सही मुद्दे उठाइये. ये देश आपका है और आपने ही इसे बनाया है. यह देश किसानों का है नौजवानों का है.”
बता दें कि कांग्रेस ने लंबे समय बाद गुजरात में अपने कार्यसमिति की बैठक की है. इस बैठक के बाद रैली का आयोजन किया गया था. इस रैली में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी सहित कई दिग्गज कांग्रेसी नेता मौजूद थे. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के गृहराज्य के भीतर सेंध लगाने की कोशिश में कांग्रेस जुटी है. इस रैली में भारी संख्या में मौजूद लोगों को देखकर कांग्रेस उत्साहित दिखी.