अफ़वाहों और एग़्जिट पोल से हिम्मत मत हारिए, स्ट्रांगरूम और काउंटिंग सेंटर में डटे रहिए- प्रियंका गांधी
एग़्जिट पोल और अफवाह सिर्फ आपका हौसला तोड़ने के लिए फैलाई जा रही है.
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने एग़्जिट पोल के नतीजों को लेकर सावधानी बरतने की बात कही है. उन्होंने समर्थकों से अपील की कि एग़्जिट पोल के अफवाहों से हिम्मत न हारें, यह आपका हौसला तोड़ने के लिए फैलाई जा रही है.
प्रियंका गांधी ने पार्टी कार्यकर्ताओं का हौसला अफजाई करते हुए ट्वीट किया, “प्यारे कार्यकर्ता भाइयों और बहनों…..अफ़वाहों और एग्जिट पोल से हिम्मत मत हारिए. ये सिर्फ आपका हौसला तोड़ने के लिए फैलायी जा रही है. इस बीच आपकी सावधानी और भी महत्वपूर्ण बनती है. स्ट्रांगरूम और काउंटिंग सेंटर में डटे रहिए और चौकन्ने रहिए. हमें पूरी उम्मीद है कि आपकी मेहनत और हमारी मेहनत फल लाएगी.”
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी जी का कांग्रेस कार्यकर्ताओं के नाम संदेश –
-अफ़वाहों और एक्ज़िट पोल से हिम्मत मत हारिये
-ये आपका हौसला तोड़ने का प्रयास है
-अब आपको और अधिक सावधान रहना है
-स्ट्रांगरूम और काउंटिंग सेंटर में डटे रहिये
-कांग्रेस की जीत निश्चित है।
—प्रियंका गांधी pic.twitter.com/j3c7HipB2W— MP Congress (@INCMP) May 21, 2019
बता दें कि एग़्जिट पोल के नतीज़ों में एक बार फिर से एनडीए सरकार बनने का अनुमान लगाया गया है. जिसे विपक्ष लगातार ख़ारिज कर रहा है.
तेलगु देशम पार्टी के अध्यक्ष और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने एग़्जिट पोल के नतीजों को ज़मीनी हक़ीक़त से काफ़ी दूर बताया है. उन्होंने कहा कि एग़्जिट पोल ग़लत साबित होंगे और केन्द्र में ग़ैरबीजेपी की सरकार बनेगी.
इससे पहले राजद ने भी अपने समर्थकों से अपील की कि वो फ़र्ज़ी एग्जिट पोल में ज्यादा ना फँसे. बस स्ट्रांग रूम की पूरी तरह रखवाली करें. ये पोल के मनोविज्ञान में आपको फंसा के अंदर ही अंदर बड़ा गेम खेलना चाहते है.