दिल्ली लौटते ही झुग्गी बस्ती में पहुंची प्रियंका गांधी, विकलांग बच्चे का पूछा हाल और दिलाया हर मदद का भरोसा
औरंगजेब रोड स्थित झुग्गी बस्ती में रहने वाले सुभाष यादव के परिवार से प्रियंका गांधी लगभग 3-4 सालों से मिलती रही हैं.
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भारत लौटते ही जनता के बीच जाना शुरू कर दिया है. मंगलवार देर रात कांग्रेस कार्यालय से लौटते हुए उन्होंने दिल्ली की एक झुग्गी बस्ती का दौरा किया, जहां एक विकलांग बच्चे का हालचाल पूछा और उसके परिवार को हरसंभव मदद करने का भरोसा दिलाया. प्रियंका गांधी इससे पहले भी उक्त बच्चे से मिलने जाती रही हैं.
मंगलवार शाम कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के आवास से निकलते हुए प्रियंका गांधी ने औरंगजेब रोड के कलस्टर हाउसिंग में रहने वाले विकलांग बच्चे आशीष के परिवार से मिलने पहुंच गईं. फ़र्स्टपोस्ट की ख़बर के मुताबिक प्रियंका गांधी को राहुल गांधी से मिलने जाना था, लेकिन राहुल के आवास पर मीडियाकर्मियों का जमावड़ा होने के कारण प्रियंका ने अपनी गाड़ी अंदर भेज दी और खुद पैदल ही चलकर आशीष के घर जा पहुंची.
एएनआई की ख़बर के मुताबिक आशीष के पिता सुभाष यादव का कहना है कि प्रियंका गांधी हर 2 महीने पर एक बार आशीष से मिलने आती हैं. उनका कहना है, “वो हर 2 महीने पर हमारे बीच आती हैं और मेरे परिवार के साथ समय बिताती हैं. प्रियंका गांधी मेरे बेटे के इलाज में लगभग 3-4 साल से पैसे खर्च कर रही हैं.”
Delhi:Priyanka Gandhi Vadra visited a differently-abled boy Ashish at Aurangzeb Road cluster housing,today.Ashish's father Subhash Yadav says,"She comes every 2 months,spends time with us&asks us about our well-being.She has been helping us in Ashish's treatment for last 3-4 yrs" pic.twitter.com/JXUsO2wqAN
— ANI (@ANI) February 5, 2019
प्रियंका का यह विडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. इसमें प्रियंका गांधी कह रही हैं कि जितना भी खर्च लगे, बता दिया करो, मैं किसी को भेज दूंगी. विडियो में आशीष के पिता प्रियंका से बैठने की गुज़ारिश भी करते हैं, लेकिन एक बैठक के कारण वे बैठने से मना कर देती हैं. हालांकि, उन्होंने सुभाष यादव के यहां पानी पिया.