दलितों की आवाज़ का अपमान बर्दाश्त से बाहर: संत रविदास मंदिर को तोड़े जाने के ख़िलाफ़ चल रहे प्रदर्शन को मिला प्रियंका गांधी का समर्थन
संत रविदास मंदिर को तोड़े जाने के ख़िलाफ़ प्रदर्शन कर रहे दलितों की गिरफ़्तारी और उन पर लाठी बरसाए जाने की निंदा करते हुए प्रियंका गांधी ने ये बातें कही हैं.
दिल्ली के तुगलकाबाद इलाके में संत रविदास मंदिर तोड़े जाने के विरोध में दलित समुदाय द्वारा किए जा रहे प्रदर्शन को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने अपना समर्थन दिया है. प्रियंका गांधी ने कहा है कि दलितों की आवाज़ का अपमान बर्दाश्त से बाहर है और उनकी आवाज़ का आदर होना चाहिए.
ट्विटर पर प्रियंका गांधी ने लिखा है, “भाजपा सरकार पहले करोड़ों दलित बहनों-भाइयों की सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक रविदास मंदिर स्थल से खिलवाड़ करती है और जब देश की राजधानी में हजारों दलित भाई-बहन अपनी आवाज़ उठाते हैं तो भाजपा उन पर लाठी बरसाती है, आंसू गैस चलवाती है, गिरफ़्तार करती है.”
दलितों की आवाज़ का ये अपमान बर्दाश्त से बाहर है। यह एक जज़्बाती मामला है उनकी आवाज का आदर होना चाहिए।#SaveSantRavidasTemple
— Priyanka Gandhi Vadra (@priyankagandhi) August 22, 2019
एक अन्य ट्वीट में प्रियंका गांधी ने लिखा है, “दलितों की आवाज़ का ये अपमान बर्दाश्त से बाहर है. यह एक जज़्बाती मामला है उनकी आवाज़ का आदर होना चाहिए.”
बता दें कि दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) ने बीते 10 अगस्त को दिल्ली के तुगलकाबाद इलाके में स्थित संत रविदास मंदिर को तोड़ दिया था. डीडीए का कहना था कि उसने सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन करते हुए यह क़दम उठाया है. लेकिन, दलित समुदाय के हज़ारों लोग बुधवार, 21 अगस्त को देश के अलग-अलग हिस्सों से प्रदर्शन में शामिल होने दिल्ली पहुंचे. इस दौरान भीम आर्मी के नेता चंद्रशेखर आज़ाद को दिल्ली पुलिस ने गिरफ़्तार किया है.
इसे भी पढ़ें- संत रविदास मंदिर तोड़े जाने पर हज़ारों दलितों का दिल्ली में जोरदार प्रदर्शन, मंदिर के पुनर्निर्माण की रखी गई मांग