प्रकाश आंबेडकर ने कहा- चुनाव आयोग को 2 दिनों के लिए भेजूंगा जेल, प्राथमिकी दर्ज
इस मामले में प्रकाश आंबेडकर ने कहा कि, “मैंने सामान्य तौर पर बयान दिया था. लेकिन चुनाव आयोग पर मेरी टिप्पणी को मुद्दा बनाया गया है.”
भारिप बहुजन महासंघ (BBM) पार्टी के प्रमुख प्रकाश आंबेडकर के ख़िलाफ़ चुनाव आयोग ने एफआईआर दर्ज की है. यह एफआईआर चुनाव आयोग के ख़िलाफ़ बयान देने पर दर्ज की गई है. दरअसल प्रकाश आंबेडकर ने कहा था कि अगर उनकी सरकार बनी तो वह चुनाव आयोग को 2 दिनों के लिए जेल भेज देंगे.
नवभारत टाइम्स की ख़बर के अनुसार महाराष्ट्र के यवतमाल ज़िले में बीते गुरुवार को एक रैली में प्रकाश आंबेडकर ने कहा था कि हमने (पुलवामा हमले) में अपने 40 जवान खो दिए. फिर भी हम चुप हैं. हमें पुलवामा हमले पर बात न करने को कहा गया. चुनाव आयोग हमें कैसे चुप करा सकता है. हमारे संविधान ने हमें अभिव्यक्ति की आजादी दी है. मैं भाजपा से नहीं हूं. अगर हम सत्ता में आए तो चुनाव आयोग को 2 दिन के लिए जेल भेज देंगे.
इस मामले को लेकर प्रकाश आंबेडकर ने कहा कि मैंने सामान्य तौर पर बयान दिया था. लेकिन चुनाव आयोग पर मेरी टिप्पणी को मुद्दा बनाया गया है.
प्रकाश आंबेडकर महाराष्ट्र के सोलापुर और अकोल की लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं.
ग़ौरतलब है कि भारिप बहुजन महासंघ (बीबीएम) और एआईएमआईएम के गठबंधन ‘वंचित बहुजन आघाडी’ (वीबीए) ने महाराष्ट्र की 48 लोकसभा सीटों पर उम्मीदवार उतारें हैं. राज्य में आगामी 29 अप्रैल को 4 चरणों में मतदान सम्पन्न होंगे.