कांग्रेस के कामों की क्रेडिट लेते हैं प्रधानमंत्री, जनता जल्द देगी मोदी के छल का जवाब: कैप्टन अमरिंदर सिंह
अमरिंदर सिंह ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने 1984 के दंगों से लेकर कृषि ऋण माफी और करतारपुर कॉरिडोर के मुद्दे पर झूठ बोला है.
पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने गुरुदासपुर में प्रधानमंत्री की रैली को लेकर निशाना साधा है. उन्होंने कहा है कि जुमलेबाज प्रधानमंत्री ने छल, कपट व पाखंड से देश को पतन की ओर धकेल दिया है.
अमरिंदर सिंह ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने 1984 के दंगों से लेकर कृषि ऋण माफी और करतारपुर कॉरिडोर के मुद्दे पर झूठ बोला है. उन्होंने कहा कि गुरदासपुर में प्रधानमंत्री ने तथ्यों को तोड़ मरोड़ कर जनता के सामने पेश किया और प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस के कामों पर झूठा दावा करके इसका श्रेय लिया है.
नेशनल हेराल्ड की ख़बर के मुताबिक अमरिंदर सिंह ने कहा, “हमारे बार-बार अनुरोध करने के बावजूद गुरु नानक के 550 वें प्रकाश उत्सव के लिए केंद्र सरकार ने अब तक एक भी पैसा नहीं दिया है, फिर भी मोदी जी सिखों और उनके धर्म के संरक्षक होने का दावा करते हैं.”
उन्होंने मोदी पर करतारपुर कॉरिडोर के लिए “क्रेडिट चोरी करने की कोशिश” का भी आरोप लगाया.
प्रधानमंत्री मोदी को जुमलेबाज कहते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री ने चुनौती दी कि वे अपनी सरकार द्वारा पिछले पांच वर्षों में पूरे किए गए एक वादे का भी उदाहरण दें. उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने पांच साल में जितना काम किया था, उससे कहीं ज्यादा वादे पंजाब सरकार ने अपने 21 महीने के कार्यकाल में पूरे किए हैं. उन्होंने कहा कि जनता जल्द ही मोदी को सत्ता से बाहर कर देगी.