देश की भावनाओं के साथ खिलवाड़ करके चुनावी तैयारी में जुटे हैं नरेन्द्र मोदी, बसपा सुप्रीमो मायावती ने साधा निशाना
बसपा सुप्रीमो मायावती ने कहा है कि पीएम मोदी देश की सुरक्षा पर ध्यान देने के बजाय पार्टी की चिंता कर रहे हैं.
प्रधानमंत्री मोदी द्वारा आज दुनिया की सबसे बड़ी विडियो कॉन्फ्रेंस का आयोजन किए जाने को लेकर विपक्षी दल लगातार नाराज़गी जाहिर कर रहे हैं. बसपा सुप्रीमो मायावती ने कहा है कि पीएम मोदी देश की सुरक्षा पर ध्यान देने के बजाय पार्टी की चिंता कर रहे हैं. उन्होंने इस विडियो कॉन्फ्रेंस को देश की भावनाओं के साथ खिलवाड़ करार दिया है.
मायावती ने ट्वीट कर कहा कि जंगी संकट के समय में देश को नेतृत्व की सख्त ज़रूरत है. लेकिन पीएम मोदी द्वारा देश सुरक्षा पर ध्यान देने की बजाय अपनी पार्टी की चिंता करते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करना हास्यास्पद ही नहीं बल्कि देश की भावनाओं के साथ खिलवाड़ भी है.
ऐसे समय में जब जंगी संकट के बादल छाये हैं व देश को नेतृत्व की सख़्त ज़रूरत है वैसे में पीएम श्री मोदी द्वारा देश की सुरक्षा पर ध्यान केन्द्रित करने के बजाय अपनी पार्टी की चिन्ता करते हुये बीजेपी वर्करों को सम्बोधित करना हास्यास्पद ही नहीं बल्कि देश की भावनाओं के साथ खिलवाड़ भी है
— Mayawati (@Mayawati) February 28, 2019
एक अन्य ट्वीट पर मायावती ने लिखा कि पाकिस्तान का हवाई हमला सेना ने कल नाकाम कर दिया, यह बड़ी राहत की बात है. लेकिन, देश का एक जांबाज़ एयरफोर्स अफसर पाकिस्तान के क़ब्ज़े में है, जो बड़ी चिन्ता की बात है. उन्होंने आगे लिखा कि उस पायलट की सकुशल वापसी के लिए भारत सरकार को पूरा जी-जान लगाने की ज़रूरत है तभी देश को चैन मिलेगा.
पाकिस्तान का हवाई हमला सेना ने कल नाकाम कर दिया, यह बड़ी राहत की बात है। लेकिन देश का एक जाँबाज़ एयरफोर्स अफसर पाकिस्तान के क़ब्ज़े में है, यह बड़ी चिन्ता की बात है। उस पायलट की सकुशल वापसी के लिये भारत सरकार को पूरा जी-जान लगा देने की ज़रूरत है तभी देश को चैन मिलेगाा।
— Mayawati (@Mayawati) February 28, 2019
ग़ौरतलब है कि एक ओर भारत-पाकिस्तान सीमा पर तनाव का माहौल व्यप्त है, दूसरी तरफ पाकिस्तान ने भारतीय वायुसेना के विंग कमांडर अभिनंदन सिंह को बंदी बनाया है, लेकिन मोदी सरकार के चुनावी कार्यक्रम रूकने का नाम नहीं ले रहे.