पीएम मोदी ने साढ़े चार साल में एक भी प्रेस वार्ता आयोजित क्यों नहीं की, संबित पात्रा से पूछिए : अमित शाह
संवादाताओं ने राहुल गांधी द्वारा पूर्व में की गई टिप्पणी पर शाह को प्रतिक्रिया देने को कहा था.
दिल्ली में एक प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा अध्यक्ष अमित शाह से प्रधानमंत्री के साढ़े चार वर्षों के शासनकाल में एक भी प्रेस कांफ्रेंस न करने की वजह पूछी गई. इस पर शाह ने सवाल का जवाब बड़े ही तोल-मोल के साथ देते हुए कहा कि यह पार्टी के प्रवक्ता संबित पात्रा देंगे.
दरअसल संवाददाताओं ने राहुल गांधी द्वारा पूर्व में प्रधानमंत्री पर इस मामले में की गई टिप्पणी पर प्रतिक्रिया मांगी. इस पर शाह ने बेहद ही घुमावदार उत्तर देते हुए कहा, “संबित पात्रा जी राहुल गांधी के सवाल का जवाब देंगे.” इस जवाब से नाखुश पत्रकारों ने जब दोबारा टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देने को कहा, तब अमित शाह ने कहा, “जवाब पार्टी की ओर से दिया जाएगा, आप क्यों चिंता कर रहे हैं.”
#WATCH: BJP President Amit Shah when asked, 'Rahul Gandhi says PM has not held a single press conference in all these years' says,"Sambit Patra ji jawab denge Rahul ji ka, party ki ore se hi denge." pic.twitter.com/1nsfCHHKKf
— ANI (@ANI) December 7, 2018
एनडीटीवी की ख़बर के अनुसार शाह के जवाब पर कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने तंज़ कसते हुए कहा, “शाह का बयान मीडिया के सवाल पूछने के अधिकार का अपमान है. यह मोदी सरकार के तानाशाही रवैये को दिखाता है.”
उन्होंने कहा कि भाजपा अध्यक्ष अमित शाह पर अहंकार का आरोप लगाया और कहा कि “क्या शाह सोचते हैं कि प्रधानमंत्री द्वारा मीडिया को संबोधित न करने के बारे में पूछना मानहानि है या खराब है? सत्ता का अहंकार इतना ज़्यादा हो गया है कि वे ख़ुद को लोकतंत्र और भारत के लोगों के प्रति जवाबदेही से ऊपर समझने लगे हैं.”