प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुरक्षाकर्मियों को मिला आदेश, कैमरों और मोदीजी के बीच नहीं आए कोई दीवार
हाल ही में एसपीजी को आदेश दिया गया है कि वह इस बात का ख्याल रखे कि फ़ोटो ख़िचाते समय प्रधानमंत्री के आसपास कोई ना हो.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा की जिम्मेवारी संभालने वाले स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (एसपीजी) के जवानों को एक नई ज़िम्मेदारी दी गई है. अब एसपीजी को यह ध्यान रखना है कि प्रधानमंत्री और कैमरों के बीच कोई अन्य न आने पाए. प्रधानमंत्री की सुरक्षा में तैनात जवान इस बात का ध्यान रखेंगे कि जब भी प्रधानमंत्री मोदी की फ़ोटो या वीडियो बनाई जा रही हो तब कैमरे और प्रधानमंत्री के बीच कोई अन्य खड़ा न रहे.
जनसत्ता की ख़बर के मुताबिक बीते दिनों स्टैच्यू ऑफ यूनिटी और केदारनाथ मंदिर में तस्वीर खिंचवाने के दौरान प्रधानमंत्री मोदी अकेले थे. एक आदमी ने इन फ़ोटो से जुड़ा एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें एसपीजी जवान लोगों को एक तरफ करते नज़र आ रहे हैं. हालांकि बाद में इस वीडियो को शेयर करने वाले शख्स ने ट्रोल होने की वज़ह से अपना ट्विटर अकाउंट डिलीट कर दिया.
ज्ञात हो कि देश के कुछ चुनिंदा लोगों को एसपीजी की सुरक्षा दी जाती है. फ़िलहाल प्रधानमंत्री मोदी के साथ पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी को मिली है. एसपीजी जवान अत्याधुनिक हथियारों और उपकरणों के साथ संभावित खतरे से रक्षा करते हैं.
हाल ही में सुरक्षा समीक्षा को लेकर बैठक आयोजित की गई थी. इसमें पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की सुरक्षा घटाने का फ़ैसला लिया गया और उनकी सुरक्षा में तैनात एसपीजी जवानों की संख्या 125 से घटाकर 95 कर दी गई थी. वहीं एसपीजी ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की सुरक्षा में कटौती करने से इनकार कर दिया था.