May a good source be with you.

फ़ेल हो गया है मोदी का करिश्मा, BJP की सहयोगी पार्टी के सांसद बोले- भाजपा के लिए मुश्किल है 2019 में सत्ता पाना

सिक्किम के सांसद पी.डी राय ने कहा है कि बांटने की राजनीति करने वाली भाजपा को अगले चुनाव में नुकसान हो सकता है.

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का करिश्मा फुस्स हो गया है. यह बात कोई और नहीं बल्कि भाजपा की सहयोगी पार्टी सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट के नेता और सिक्किम के एकमात्र सांसद पी.डी.राय ने कही है. उन्होंने कहा है कि भाजपा के लिए 2019 में दुबारा सत्ता पाना काफी कठिन है.

समाचार एजेंसी एआईएनएस से बातचीत में पी.डी.राय ने कहा कि बांटने की राजनीति करने वाली भाजपा को जनता अगले चुनाव में जवाब दे सकती है. उन्होंने कहा, “क्षेत्रीय दल के तौर पर हमारी पार्टी सिक्किम में लोकसभा का चुनाव जरूर जीतेगी, लेकिन हमारा मानना है कि राष्ट्रीय स्तर पर नरेन्द्र मोदी की लोकप्रियता काफ़ी कम हुई है.

राय ने कहा कि रिज़र्व बैंक और सीबीआई जैसी स्वायत्त संस्थाओं पर मोदी सरकार द्वारा किए जा रहे हमले के कारण देश का बुद्धिजीवी वर्ग काफ़ी नाखुश है. भाजपा को इसका नुकसान भुगतना पड़ सकता है.

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के बारे में उन्होंने कहा, “राहुल अपनी पार्टी के युवाओं के साथ-साथ अनुभवी नेताओं को भी लेकर चल रहे हैं. कमलनाथ और अशोक गहलोत जैसे नेताओं को मुख्यमंत्री बनाए जाने पर पार्टी के अनुभवी नेताओं के बीच एक अच्छा संदेश गया है. मेरे हिसाब से कांग्रेस के लिए यह एक शुभ संकेत है.”

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+