मोदी सरकार का आखिरी बजट: चुनावों से पहले किसानों को लुभाने के लिए सालाना 6 हज़ार रुपए का लॉलीपॉप देने का ऐलान
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत 2 हेक्टेयर से कम ज़मीन वाले किसानों को लाभ मिलेगा.
आगामी लोकसभा चुनाव से पहले वित्त मंत्री पीयूष गोयल ने अंतरिम बजट में देश के किसानों को लुभाने के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की घोषणा की है.
इस योजना के तहत हर साल 2 हेक्टेयर से कम ज़मीन वाले किसानों को 6 हज़ार रुपए की सहायता राशि प्रदान की जाएगी. वित्त मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि यह राशि 2 हज़ार रुपए की तीन किस्तों के रूप में किसानों के बैंक खातों में भेजी जाएगी.
देश के 12 करोड़ किसानों को लाभ देने वाली यह योजना दिसंबर 2018 से लागू होगी. इस योजना के तहत केंद्र सरकार 75,000 करोड़ रुपए का खर्च उठाएगी.
ग़ौरतलब है की देश के किसान कर्ज़ माफ़ी को लेकर सरकार को लगातार घेर रहे हैं, ऐसे में लोकसभा चुनावों को देखते हुए किसानों के लिए सरकार की यह घोषणा केवल एक चाल नज़र आती है.