पीएम मोदी के समर्थन में प्लेकार्ड थामे मुस्लिम महिला की फोटोशॉप तस्वीर वायरल
ऑल्ट न्यूज़ की पड़ताल
“Modi को अपना घर भरना होता तो वह 13 साल गुजरात का CM रह कर भर लेता| उसे कुर्सी से नहीं, सिर्फ अपने देश से प्रेम है” – यह संदेश एक युवा मुस्लिम महिला द्वारा थामे हुए एक प्लेकार्ड पर लिखा है, जो इस संदेश के साथ प्रकट रूप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का समर्थन कर रही है। इस संदेश से यह दर्शाने का प्रयास किया गया है कि एक मुस्लिम महिला पीएम मोदी के समर्थन में खड़ी है। हिजाब पहने और प्लेकार्ड पकड़े महिला की इसी तस्वीर के साथ, एल्विस बाबू नामक एक फेसबुक यूजर के पोस्ट को 5,000 से ज्यादा शेयर मिले।

यह पोस्ट व्हाट्सएप्प पर भी वायरल है।

ऑल्ट न्यूज़ ने पाया कि प्लेकार्ड पर छपा संदेश कम से कम दिसंबर 2017 से फेसबुक और ट्विटर पर वायरल है।

फोटोशॉप तस्वीर
एक गूगल रिवर्स इमेज सर्च से पता चला कि इसमें फोटोशॉप करके प्लेकार्ड पर पीएम मोदी के समर्थन में संदेश लिखा गया है। असलीतस्वीर में छपे संदेश में लिखा है, “मैं मुस्लिम हूँ, लेकिन मैं अरब नहीं हूँ”। (अनुवादित)

एक ब्लॉग पोस्ट के अनुसार, उपरोक्त तस्वीर, अमेरिका की यूनिवर्सिटी ऑफ मैरी वाशिंगटन के इस्लामिक स्टूडेंट्स एसोसिएशन के द्वारा रूढ़िवादी सोच के खिलाफ आयोजित एक अभियान का हिस्सा है। इसे AFP फैक्ट चेक द्वारा भी खारिज किया गया था।
