बड़ी मूर्ति लगाने से लोगों को रोज़गार नहीं मिलता है, जनता मंदिर-मस्जिद के चक्कर में नहीं आएगी- शिवपाल यादव
शिवपाल यादव ने कहा कि राम मंदिर बनाने के लिए सरयू के किनारे बहुत जगह है, वहां मंदिर बनाएं.
प्रगातिशील समाजवादी पार्टी के प्रमुख शिवपाल यादव ने राम मंदिर मामले पर अयोध्या में धर्मसभा के आयोजन को लेकर कहा कि योगी सरकार पूरे मामले में चुप्पी साधे बैठे हैं. उन्होंने योगी सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि अयोध्या में धारा 144 लागू होने के बाद भी वहां भीड़ का इकट्ठा होना राज्य सरकार और ज़िला प्रशासन के इरादों पर संदेह पैदा करता है.
एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि अयोध्या का मामला सुप्रीम कोर्ट में है और उन्हें सुप्रीम कोर्ट के आदेश का इंतजार करना चाहिए. यादव ने कहा कि राम मंदिर बनाने के लिए सरयू नदी के किनारे बहुत जगह है, वहां मंदिर बनाया जाए. बाबरी मस्जिद के स्थान पर मंदिर बनाने की ज़िद क्यों हो रही है. उन्होंने कहा कि देश में ऐसा काम न हो जिससे देश में तनाव और दंगे हों. एक बार पहले पूरी दुनिया में देश की बदनामी हो चुकी है लेकिन अब दोबारा न हो.
भाजपा सरकार पर हमला करते हुए शिवपाल ने कहा कि लंबी मूर्ति लगाने से लोगों को रोज़गार नहीं मिलेगा. मूर्तियां लगाकर, नाम बदलकर कुछ नहीं होता है. जनता मंदिर-मस्जिद के चक्कर में नहीं आएगी. योगी सरकार पर निशाना साधते हुए यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में विकास का कोई कार्य नहीं हो रहा है. प्रदेश में थानों से लेकर सभी स्थानों पर भ्रष्टाचार है. एसडीएम से लेकर सीडीओ तक सभी भ्रष्टाचार में लिप्त हो चुके हैं.