समस्तीपुर: विधानसभा से लोकसभा चुनाव तक वोट बहिष्कार करता आ रहा है यह इलाक़ा, फिर भी चालू नहीं हुआ जूट मिल
इस बार के लोकसभा चुनाव में इस इलाक़े के तीन बूथों पर सिर्फ़ एक वोट गिरा है.
बिहार के समस्तीपुर निर्वाचन क्षेत्र में रामेश्वर जूट मिल शुरू नहीं होने के विरोध में लोगों ने मतदान का बहिष्कार किया. दरअसल, मतदाता बंद पड़े जूट मिल से काफ़ी दुखी हैं, उनका कहना है कि कंपनी के बंद होने से हमारे पास काम करने को कुछ नहीं है. जनप्रतिनिधि सुन नहीं रहे तो अब आखिरी हथियार वोट बहिष्कार ही है.
ईटीवी के अनुसार यह मामला समस्तीपुर ज़िले के कल्याणपुर विधानसभा क्षेत्र का है जहां, बूथ नंबर 931, 212, 211 पर सिर्फ 1 वोट गिरा है.
दरअसल, यह इलाका मजदूरों का है. यहां रामेश्वर जूट मिल पिछले 5 सालों से बंद पड़ा है. इसके बंद होने से करीब 5000 मजदूर बेरोजगार हो गए हैं.
यहां के रहवासियों ने आरोप लगाया कि यहां जनप्रतिनिधि उनपर ध्यान नहीं देते. कई बार लिखित शिकायत के प्रशासन से लेकर जनप्रतिनिधियों को देने के बावजूद भी कोई हल नहीं निकाला गया. इसलिए सरकारी नीतियों से ख़फा लोगों ने चुनाव बहिष्कार का फैसला लिया.
मिल के मजदूर रामेश्वर ने बताया कि “यह मिल पिछले पांच सालों से बंद है. यहां के लोगों के पास काम करने के लिए कुछ नहीं है. लाख कोशिशों के बावजूद इस मिल को शुरू नहीं किया गया. अब आखिरी हथियार वोट का बहिष्कार ही है.”
यहां के सांसद लोक जनशक्ति पार्टी के रामचंद्र पासवान हैं. 2014 के लोकसभा चुनाव से पहले भी सांसद ने मिल शुरू करने का भरोसा दिया था. लेकिन, चुनाव जीतने के बाद एक बार भी उन्होंने पीछे मुड़ कर नहीं देखा.
ग़ौरतलब है कि, यहां के लोगों ने इससे पहले विधानसभा चुनाव के दौरान भी वोट का बहिष्कार किया था और तब भी उन्हें सिर्फ आश्वासन ही मिला था. यहां के जनता के साथ धोखा करते हुए विधानसभा चुनाव से लोगों से पहले मिल को 1 दिन के लिए मिल चालू कर दिया गया था. लेकिन चुनाव के बाद फिर से बंद कर दिया गया.