May a good source be with you.

कांग्रेस का वादा: PACL चिटफंड घोटाले के पीड़ितों को मिलेगा न्याय, ब्याज सहित 6 महीने में पैसे लौटाएगी सरकार

कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ और राजस्थान में प्रखंड स्तर पर पीएसीएल हेल्प सेंटर खोल है. इस हेल्प सेंटर के माध्यम से लोग सेबी के ऑनलाइन पोर्टल से जुड़ सकते हैं और अपनी समस्याओं को सुलझा सकते हैं.

आम चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने वादा किया है कि चिटफंड कंपनी पर्ल एग्रोटेक कॉरपोरेशन लिमिटेड में जिन लोगों के पैसे फंसे हैं, सरकार 6 महीने के भीतर उनके पैसे लौटाने का काम करेगी. कांग्रेस पार्टी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि पीएसीएल घोटाले के पीड़ितों के पैसे ब्याज समेत वापस किए जाएंगे.

पार्टी ने प्रेस विज्ञप्ति में कहा है, “कांग्रेस पार्टी स्पष्ट रूप से पर्ल एग्रोटेक कॉरपोरेशन लिमिटेड (PACL) के 5.85 करोड़ परिवारों के साथ-साथ अन्य चिट फंड के घोटाले के क़रीब 12 करोड़ पीड़ितों के साथ हुए अन्याय की कड़ी निंदा करती है. इस संगठित धोखाधड़ी के बारे में पार्टी गंभीरता से विचार कर रही है.”

पार्टी ने आगे कहा है, “सरकार बनने के 6 महीने के भीतर 2 फरवरी 2016 के सुप्रीम कोर्ट के फैसले के अनुसार पर्ल एग्रोटेक के 5.85 करोड़ पीड़ित परिवारों को ब्याज के साथ उनके राशि की भुतगान की जाएगी. साथ ही प्रत्येक नागरिक की गरिमा के अधिकार पर हमला करने वाले ऐसे घोटालों पर अंकुश लगाने के लिए कानून पारित की जाएगी.”

कांग्रेस पार्टी ने कहा है कि उसने चुनाव से पहले ऑल इनवेस्टर सेफ्टी ऑर्गनाइजेशन से किए गए लिखित वादे पर काम करना शुरू कर दिया है. कांग्रेस ने कहा है कि छत्तीसगढ़ और राजस्थान के स्थानीय कांग्रेसी नेताओं ने प्रखंड स्तर पर पीएसीएल हेल्प सेंटर खोल रखा है. इस हेल्प सेंटर के माध्यम से लोग सेबी के ऑनलाइन पोर्टल से जुड़ सकते हैं और अपनी समस्याओं को सुलझा सकते हैं. इसके साथ ही छत्तीसगढ़ सरकार ने निश्चय किया है कि चिट फंड एजेंटों पर किए गए मुक़दमे वापस लिए जाएंगे.

साथ ही कांग्रेस ने वादा किया है, “कांग्रेस पार्टी सभी निवेशक सुरक्षा संगठनों को आश्वस्त करती है कि वह इस मुद्दे को ज़मीनी स्तर से उठाने के लिए काम करेगी और संसद में PACL  और अन्य चिट फंड पीड़ितों को न्याय दिलाएगी.”

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+