उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ने पीएम पद के लिए राहुल गांधी को बताया सही उम्मीदवार, कहा- 24 फरवरी भाजपा के साथ गठबंधन का आखिरी दिन
राजभर ने भाजपा पर पिछड़े वर्ग को धोखा देने का आरोप लगाया.
लोकसभा चुनाव नजदीक आने के साथ ही भाजपा की परेशानियां भी बढ़ती जा रही हैं. पार्टी के सहयोगी दल भाजपा का दामन छोड़ने की धमकी दे रहे हैं. इसी लिस्ट में उत्तरप्रदेश में भाजपा के सहयोगी दल, ‘सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी’ के अध्यक्ष और योगी सरकार के मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने राहुल गांधी को प्रधानमंत्री पद के लिए सही उम्मीदवार बताते हुए आगामी 24 फरवरी को भाजपा के साथ उनकी पार्टी के गठबंधन का आखिरी दिन होने का ऐलान किया है.
जनसत्ता की ख़बर के अनुसार एक इंटरव्यू के दौरान ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी प्रधानमंत्री पद के लिए उपयुक्त व्यक्ति हैं. उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति में अपना गुण होता है, राहुल में भी है. जिस तरह वर्तमान में केंद्र सरकार चल रही है राहुल भी उसी तरह सरकार चला सकते हैं. उन्होंने जनता को मालिक बताते हुए कहा कि जनता जिसे चाहेगी वही प्रधानमंत्री बनेगा.
राजभर ने भाजपा पर पिछड़े वर्ग को धोखा देने और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर राम मंदिर मामले में देश को गुमराह करने का भी आरोप लगाया.