OLX पर आर्मी अफसर बनकर लाखों की धोखाधड़ी, अज्ञातों के ख़िलाफ़ FIR दर्ज
आरोपी खुद को आर्मी का जवान बताकर ग्राहकों का विश्वास जीतकर ऑनलाइन ठगी को अंजाम देते हैं.
ऑनलाइन शॉपिंग साइट पर भारतीय सेना के जवानों के नाम पर लाखों की ठगी करने का ताज़ा मामला प्रकाश में आया है. पिछले पांच महीनों में ओ.एल.एक्स. के जरिए आरोपी खुद को सेना का जवान बताकर कई भोले-भाले ग्राहकों का विश्वास जीतकर लाखों की धोखाधड़ी को अंजाम दे रहे हैं.
मिड-डे की रिपोर्ट के अनुसार दादर पश्चिम के ट्रैवल कंपनी के मालिक हरीश सिंह (50 वर्षीय) हाल ही में एसयूवी कार की बिक्री के जरिए ऑनलाइन ठगी का शिकार हुए हैं.
हरीश सिंह ने मिड-डे को बताया, “मैंने कार के विनिर्देशों की जांच करने के बाद विक्रेता विकास पटेल से संपर्क किया. उन्होंने कार की कीमत 2.10 लाख बताई. उन्होंने मुझे यह भी बताया कि वह भारतीय सेना में थे और हाल ही में पुणे से जोधपुर शिफ्ट हुए हैं. शुरुआत में उन्होंने मुझसे कार भेजने के लिए 8,440 रुपए का भुगतान करने के लिए कहा.
उन्होंने आगे कहा कि 28 जून को पटेल ने उन्हें महाराष्ट्र सीमा पर वाहन साफ करने के लिए 21,999 रुपए देने को कहा. हरीश सिंह द्वारा रुपए ट्रांसफर करने के बाद, पटेल ने जीएसटी के रूप में 33,550 रुपए मांगे. जब उन्होंने भुगतान किया, तो पटेल ने पिछली रकम भेजने में देरी होने की बात कहकर उन्हें फिर से 13,940 रुपए ट्रांसफर करने को कहा.
पटेल द्वारा कुल 77,929 रुपए का नुकसान होने के बाद, पीड़ित को एहसास हुआ कि उन्हें ठगा जा रहा है. फिर उन्होंने तुरंत दादर पुलिस स्टेशन में इस मामले को लेकर शिकायत दर्ज करवाई. पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के ख़िलाफ़ प्राथमिकी दर्ज की है.
साइबर सेल के सूत्रों ने कहा कि पिछले कुछ महीनों से शहर में इस तरह के कई मामले सामने आए हैं. बीते 22 जून को, बीकेसी पुलिस ने एक मामला दर्ज किया है. एक व्यक्ति अपनी बाइक बेचना चाहता था. लेकिन आरोपी ने खुद को सेना का जवान बताकर पीड़ित से 1.22 लाख रुपए की धोखाधड़ी को अंजाम दिया.
मिड-डे से बात करते हुए, साइबर एक्सपर्ट और सलाहकार मल्लिकार्जुन मल्ले ने कहा, “अगर आप एक ही शहर में सामानों का लेन-देन कर रहे हैं, तो खरीदने से पहले सामान को ध्यान से देखें. निरीक्षण करते समय, संबंधित व्यक्ति को एक छोटी राशि टांसफर करें और देखें कि क्या वह उसके पास जा रहे है या नहीं. इसके अलावा सामान और उसकी बाजार कीमत के बारे में ज्यादा जानकारी प्राप्त करें. उन वस्तुओं के बारे में सतर्क रहें जो बहुत सस्ती कीमतों पर बेची जा रही हैं. यह एकमात्र तरीका है जिससे आप ऑनलाइन सुरक्षित सौदे सुनिश्चित कर सकते हैं.”
ओ.एल.एक्स. के जनरल काउंसिल लवाण्या चंदन ने कहा, “हमारे उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा हमारे लिए अत्यधिक महत्वपूर्ण है. हमारे उपयोगकर्ता द्वारा सुरक्षित लेन-देन को सुनिश्चित करने के लिए हम विभिन्न चैनलों और मंच के बाहर भारी निवेश करते हैं.” उन्होंने कहा, “पहचान पत्र पर निर्भरता रखने के दौरान सावधानी बरतें क्योंकि वे नकली हो सकते हैं. हमने कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ मजबूत संबंध बनाए हैं और धोखाधड़ी का शिकार हुए लोगों को न्याय दिलाने में लगातार मदद कर रहे हैं.”