चौकीदार है चोर और नवीन पटनायक रिमोट कंट्रोल, ओडिशा में मोदी-पटनायक पर बरसे राहुल गांधी
राहुल गांधी ने ओडिशा में एक बार फिर कहा है कि कांग्रेस की सरकार बनने पर हर ग़रीब परिवार को एक निश्चित आमदनी की गारंटी दी जाएगी.
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने ओडिशा के भवानीपटना में एक विशाल जनसभा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि चौकीदार (प्रधानमंत्री मोदी) चोर है और नवीन पटनायक उनके रिमोट कंट्रोल हैं.
इस जनसभा में राहुल गांधी ने कहा कि 2019 में कांग्रेस की सरकार बनने पर आदिवासियों की ऐसी जमीन जहां टाटा ने अभी तक काम शुरू नहीं किया है, वो जमीन आदिवासियों-किसानों को वापस लौटाई जाएगी. राहुल गांधी ने कहा कि अब मजाक और झूठ का समय बंद हो गया, उनकी सरकार आने पर हर ग़रीब परिवार को न्यूनतम आमदनी की गारंटी दी जाएगी. उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी मनरेगा से भी बड़ी योजना लेकर आ रही है, जो ग़रीबों को एक निश्चित आय देगी.
लाइव हिंदुस्तान की ख़बर के अनुसार राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा और नवीन पटनायक की सरकार किसानों का कर्ज़ माफ नहीं कर सकती. उन्होंने कहा कि यूपीए की सरकार ने मनरेगा के लिए 35 हज़ार करोड़ रुपए दिए थे, लेकिन भाजपा ने यह पैसा 10 अमीर लोगों की जेब में डाल दिया.
मोदी सरकार पर तंज कसते हुए राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा ने कहा कि बजट में ऐतिहासिक काम किया और किसान के परिवार के एक सदस्य को दिन के मात्र तीन रुपए दिए.
बता दें कि ओडिशा में लोकसभा की कुल 21 सीटें हैं. 2014 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को यहां भारी नुकसान हुआ था. इस बार के चुनाव में कांग्रेस पूरे दमखम के साथ चुनाव लड़ रही है. आम चुनाव के साथ ही ओडिशा में विधानसभा चुनाव भी इसी साल होने हैं, कांग्रेस का ध्यान लोकसभा के साथ-साथ प्रदेश की विधानसभा पर भी है.